
दादरी रैली में अखिलेश यादव ने कसा तंज- “नोएडा एयरपोर्ट का उद्घाटन करके बेच तो नहीं दोगे?”
यूपी के दादरी में अखिलेश यादव की यह रैली ऐसे वक्त में हुई, जब एक दिन पहले ही इस इलाके के जेवर में पीएम मोदी ने नोएडा एयरपोर्ट एक फेज के उद्घाटन पर सभा की।
समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को नोएडा के दादरी में आयोजित “समाजवादी समता भाईचारा रैली” में केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन पर तंज कसते हुए कहा कि “कम से कम यह वादा कर देते कि उद्घाटन के बाद इसे बेचा नहीं जाएगा।” अखिलेश ने कहा कि यूपी के 7 में से 6 एयरपोर्ट बंद हो गए हैं।
पीएम मोदी की जेवर में हुई रैली का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, "जो कल रैली हुई थी उसकी तो पोल हमारे बहुत लोगों ने खोल दी है, कोई कैमरे से नहीं बच सकता है। जो पार्टी अपने आप को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बोलते हैं, उन्हें अपने सरकारी कर्मचारियों का सहारा लेना पड़ा।"
अखिलेश यादव ने कहा कि जिन लोगों ने “अत्याचार और भेदभाव का दर्द नहीं झेला, वे हमारी पीड़ा नहीं समझ सकते।” उन्होंने मंदिर जाने के बाद “गंगाजल से घर धुलवाने” की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह के अनुभवों ने उन्हें भेदभाव का अहसास कराया।
एयरपोर्ट और विकास पर सवाल
सपा प्रमुख ने दावा किया कि जेवर एयरपोर्ट के लिए जरूरी एनओसी दिलाने का काम उनकी पार्टी ने किया था। उन्होंने कहा कि “नोएडा के विकास में समाजवादियों का योगदान कोई भूल नहीं सकता।”
अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि “संविधान तब तक खतरे में रहेगा, जब तक भाजपा सत्ता में है।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार नौकरियों पर ध्यान नहीं देती और पेपर लीक जैसे मुद्दों से युवाओं को नुकसान पहुंचा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि “5% लोग 95% लोगों का शोषण कर रहे हैं” और सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
‘लोग बनाम सत्ता’ की लड़ाई
सपा प्रमुख ने इस राजनीतिक मुकाबले को “सामाजिक न्याय बनाम भेदभाव” की लड़ाई बताया और दावा किया कि उनकी पार्टी आने वाले समय में सरकार बनाएगी।
उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनका भाषण “झूठ, भ्रम और समाज को बांटने की राजनीति” से भरा हुआ है।
उन्होंने कहा कि जनता ने 2017 में सपा को नकार दिया था और 2027 में भी भाजपा को ही चुनेगी। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि सपा “PDA के नाम पर राजनीतिक भ्रम फैलाने” का प्रयास कर रही है।
रैली से 2027 चुनाव अभियान की शुरुआत
दादरी में हुई इस रैली को सपा के 2027 विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गुर्जर समुदाय के प्रभाव को देखते हुए सपा इस क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
रैली से पहले अखिलेश यादव ने 9वीं सदी के गुर्जर-प्रतिहार सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

