Amit Shah vs Mamata Banerjee: बंगाल में आर-पार की जंग, घुसपैठ और SIR पर आमने-सामने आए ममता और शाह
x

Amit Shah vs Mamata Banerjee: बंगाल में आर-पार की जंग, घुसपैठ और 'SIR' पर आमने-सामने आए ममता और शाह

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आरोप लगाया कि ममता सरकार की तुष्टिकरण की नीति के कारण बंगाल घुसपैठियों का मुख्य गलियारा बन गया है।


पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की आहट के साथ ही राज्य का सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुँच गया है। शनिवार, 28 मार्च को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक-दूसरे पर तीखे हमले किए। जहाँ अमित शाह ने घुसपैठ को लेकर तृणमूल कांग्रेस (TMC) के खिलाफ 'चार्जशीट' पेश की, वहीं ममता बनर्जी ने 'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन' (SIR) को भाजपा के पतन का कारण बताया।

अमित शाह का 'घुसपैठ' पर प्रहार

कोलकाता में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए अमित शाह ने आरोप लगाया कि टीएमसी के 15 साल के शासन में पश्चिम बंगाल घुसपैठियों के लिए "मुख्य गलियारा" बन गया है। शाह ने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति के कारण सीमा सुरक्षा खतरे में है।

अमित शाह ने दावा किया, "असम में भाजपा की सरकार आने के बाद वहां से घुसपैठ के रास्ते बंद कर दिए गए हैं, अब पश्चिम बंगाल ही एकमात्र रास्ता बचा है जहाँ से घुसपैठिए देश में दाखिल हो रहे हैं और अशांति फैला रहे हैं।" उन्होंने राज्य सरकार पर सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन न देने का भी आरोप लगाया और इसे "वोट बैंक की राजनीति" करार दिया।

'विक्टिम कार्ड' खेलने का आरोप

शाह ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह हमेशा 'विक्टिम कार्ड' खेलती हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "कभी उनका पैर टूट जाता है, कभी सिर पर पट्टी बंध जाती है, तो कभी वह चुनाव आयोग के सामने असहाय होने का ढोंग करती हैं। बंगाल की जनता अब उनकी इस राजनीति को समझ चुकी है।" शाह ने जोर देकर कहा कि बंगाल का चुनाव केवल राज्य के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है।

'SIR बनेगा भाजपा की हार का कारण'

दूसरी ओर, पश्चिम बर्धमान के रानीगंज में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर भाजपा लोगों के वोटिंग अधिकार छीनने की कोशिश कर रही है और यही उनकी "मौत की घंटी" (Death Knell) साबित होगा।

ममता ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है और लक्ष्मण रेखा लांघ रहा है। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा, "बंगाल को बर्बाद करने की कोशिश में भाजपा पूरे देश से सत्ता खो देगी। चौथी बार बंगाल जीतने के बाद, मैं सभी दलों को साथ लेकर दिल्ली पर कब्जा करूँगी।"

मणिपुर और महिला सुरक्षा पर टीएमसी का जवाब

अमित शाह के आरोपों पर टीएमसी के वरिष्ठ नेताओं महुआ मोइत्रा, ब्रात्य बसु और कीर्ति आज़ाद ने पलटवार किया। महुआ मोइत्रा ने सवाल किया, "अमित शाह महिला सुरक्षा की बात कर रहे हैं, लेकिन पिछले तीन साल से जल रहे मणिपुर पर वह चुप क्यों हैं? भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं की क्या स्थिति है, पहले इसका जवाब दें।"

ब्रात्य बसु ने घुसपैठ के मुद्दे पर कहा कि सीमा की सुरक्षा केंद्र सरकार और गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी है, तो फिर शाह किसे जिम्मेदार ठहरा रहे हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बंगाल में 'असम जैसा डिटेंशन कैंप मॉडल' लाना चाहती है।

Read More
Next Story