
आंखों में आंसू और कंपकपाती आवाज में बोले केजरीवाल- मैं कट्टर ईमानदार
दिल्ली शराब घोटाले में बरी होने के बाद आम आदमी पार्टी के संस्थापक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब तो साबित हो गया कि वो कट्टर ईमानदार हैं।
आम आदमी पार्टी के लिए आज का दिन बेहद खास है। दिल्ली शराब घोटाले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने पार्टी के दो बड़े नेताओं अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को बड़ी राहत दी। सीबीआई के आरोपपत्र को खारिज कर दिया। अब इस फैसले के बाद सबकी नजर थी कि अरविंद केजरीवाल किस तरह से अपनी प्रतिक्रिया जाहिर करते हैं। कैमरों की भीड़ में उन्होंने अपनी बात रखी। आंखों में आंसू और होठों पर कंपकपी के साथ कहा कि अब तो अदालत ने भी मान लिया कि वो कट्टर ईमानदार है। आखिर सच की जीत हुई। सच हमेशा जीतता है।
केजरीवाल ने कहा कि हम पर कीचड़ उछाला गया वो भ्रष्ट नहीं हैं। अदालत ने कहा है कि केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ईमानदार हैं। आज अदालत ने इस मामले के सभी आरोपियों को बरी कर दिया है। हमने हमेशा कहा कि सच की जीत होती है। हमें भारतीय न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। अमित शाह और मोदी जी ने मिलकर AAP को खत्म करने की सबसे बड़ी राजनीतिक साजिश रची और पार्टी के पांच वरिष्ठ नेताओं को जेल में डाला गया। एक मौजूदा मुख्यमंत्री को घर से घसीटकर जेल भेजा गया। केजरीवाल भ्रष्ट नहीं है। उन्होंने जिंदगी में सिर्फ ईमानदारी कमाई है। आज अदालत ने कहा है कि केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और AAP ईमानदार हैं।
मनीष सिसोदिया ने भी अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि सत्य की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि सत्यमेव जयते। आज एक बार फिर बाबा साहेब आंबेडकर जी की दूरदर्शी सोच और उनके बनाए संविधान पर गर्व महसूस हो रहा है। मोदी जी की पूरी पार्टी और उसकी एजेंसियों ने हमें बेईमान साबित करने की हर कोशिश की, लेकिन आज यह स्थापित हो गया कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया कट्टर ईमानदार हैं।
जांच के दौरान दोनों आप नेता तिहाड़ जेल में रहे। दिल्ली आबकारी नीति मामले से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच केजरीवाल ने दिल्ली के उपराज्यपाल को अपना इस्तीफा भी सौंप दिया था। बाद में उनकी सरकार की जगह बीजेपी की सरकार बनी, जिसका नेतृत्व रेखा गुप्ता ने संभाला। AAP सरकार पर गंभीर आरोप लगे थे और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को जेल भेजा गया था।

