
केजरीवाल की पंजाब दस्तक पर गरमाई सियासत, विपक्ष बोला- मान का नहीं लग रहा मन
दिल्ली में हार के बाद क्या अरविंद केजरीवालकी नजर पंजाब पर है। पंजाब के विपक्षी दल आरोप लगा रहे हैं कि भगवंत मान का मन नहीं लग और दिल्ली आप का दखल बढ़ रहा है।
Arvind Kejriwal Punjab Visit: अब किसी पार्टी का संयोजक अपने किसी राज्य का दौरा करे, उसमें किसी को आपत्ति क्यों होनी चाहिए। यह सवाल वाजिब है। लेकिन आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के पंजाब दौरे पर वहां के विपक्षी दल हमेशा सवाल उठाते रहे हैं। पंजाब के विपक्षी दलों का मानना है कि भगवंत मान सिर्फ कहने के लिए सीएम हैं, अरविंद केजरीवाल सुपर सीएम के तौर पर काम करते रहे हैं। भले ही वो दिल्ली की गद्दी पर काबिज थे। उनकी नजर हमेशा पंजाब पर ही लगी रहती थी। अब जब दिल्ली उनके हाथ से निकल चुका है, अब वो पूरी तरह पंजाब पर काबिज होना चाहते हैं। पंजाब में वो किस तरह दखल बढ़ा सकते हैं उसकी तैयारी शुरू हो चुकी है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल अब पंजाब का दौरा करने वाले हैं, जिससे प्रदेश की राजनीति गर्मा गई है। विपक्ष ने केजरीवाल के इस दौरे पर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया है कि दिल्ली का पंजाब में दखल बढ़ता जा रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान इस पर ध्यान नहीं दे रहे।
विपश्यना केंद्र जाएंगे केजरीवाल, AAP ने बताया निजी दौरा
चुनाव के बाद अरविंद केजरीवाल होशियारपुर के विपश्यना केंद्र पहुंचेंगे। इससे पहले भी वह इस केंद्र पर जा चुके हैं। पंजाब आप के प्रवक्ता नील गर्ग ने कहा कि केजरीवाल का यह दौरा सियासी नहीं, बल्कि निजी है। उन्होंने कहा, "केजरीवाल नियमित रूप से विपश्यना केंद्रों पर जाते हैं, इसमें राजनीति नहीं देखनी चाहिए।"
'केजरीवाल पंजाब में बढ़ा रहे दखल'
विपक्ष का कहना है कि दिल्ली में हार के बाद आम आदमी पार्टी के नेताओं का पंजाब में हस्तक्षेप बढ़ गया है।चुनाव हारने के बाद केजरीवाल ने पंजाब के विधायकों को दिल्ली बुलाया, जिससे विवाद हुआ।विपक्ष का आरोप है कि केजरीवाल पंजाब के मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं, इसलिए अब राज्य की राजनीति में गहरी दिलचस्पी ले रहे हैं।
राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को लुधियाना पश्चिम सीट से उम्मीदवार बनाए जाने के बाद चर्चा शुरू हुई कि केजरीवाल पंजाब से राज्यसभा जाना चाहते हैं।
'आप नेता पंजाब पर काबिज होना चाहते हैं'
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष अरविंद खन्ना ने कहा कि दिल्ली में हार के बाद वहां के नेता अब पंजाब पर कब्जा जमाने की कोशिश कर रहे हैं।खन्ना ने आरोप लगाया कि पिछली कैबिनेट बैठक की तस्वीरें तक जारी नहीं की गईं, क्योंकि उसमें दिल्ली के कुछ नेताओं की मौजूदगी की चर्चा थी।
उन्होंने कहा, "पहले केजरीवाल ने विधायकों को दिल्ली बुलाया और अब वह पंजाब आकर विधायकों और अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। यह पंजाब के लोगों के साथ धोखा है। विपक्ष के आरोपों के बीच AAP केजरीवाल के दौरे को गैर-राजनीतिक बता रही है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इस यात्रा को लेकर चर्चा तेज हो गई है।