
बिहार के कटिहार में कई वाहनों की टक्कर, 2 दर्जन से ज्यादा घायल,13 मौत
शुरुआती रिपोर्ट्स में 7 लोगों की मौत की बात कही गई थी। लेकिन इलाज के दौरान 6 अन्य घायलों ने दम तोड़ दिया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पिकअप वैन में सवार लोग...
कटिहार (बिहार), 11 अप्रैल (PTI): बिहार के कटिहार जिले में शनिवार शाम एक बस, ट्रक और पिकअप वैन के बीच हुई भीषण टक्कर में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने संवाददाताओं को बताया कि यह दुर्घटना शाम 6:30 बजे कटिहार के कोढ़ा ब्लॉक में NH-31 पर हुई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और प्रत्येक घायल को 50,000 रुपये के मुआवजे की घोषणा की है।
शुरुआती रिपोर्टों में सात लोगों की मौत की बात कही गई थी। लेकिन इलाज के दौरान छह अन्य घायलों ने दम तोड़ दिया। एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि पिकअप वैन में सवार लोग पड़ोसी जिले पूर्णिया से आ रहे थे।
अधिकारी ने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। संदेह है कि बस चालक, जो खुद भी घायल है, वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा जिससे यह हादसा हुआ। जिला पुलिस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, सभी घायलों को पूर्णिया के नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया है। बयान में कहा गया है कि अधिकारी मृतकों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।
इस बीच, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया, "मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के निकटतम परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50,000-50,000 रुपये देने की घोषणा की है।" कुमार ने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।

