भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता ने शीश महल को पूर्व स्थिति में बहाल करने की मांग की
x

भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता ने 'शीश महल' को पूर्व स्थिति में बहाल करने की मांग की

विजेंद्र गुप्ता ने पत्र लिखते हुए कहा कि शीश महल यानी 6 फ्लैग स्टाफ रोड को अवैध तरीके से सरकारी प्रभाव का दुरूपयोग करते हुए बनवाया गया था। इसलिए उसे पूर्व स्थिति में बरकरार किया जाए।


Sheesh Mahal Controversy : रोहिणी विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक और पूर्व नेता प्रतिपक्ष, विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना को पत्र लिखकर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पूर्व आधिकारिक आवास 6, फ्लैग स्टाफ रोड में हुए अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस आवास को उसके मूल रूप में बहाल किया जाए और आसपास की सरकारी संपत्तियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को तुरंत समाप्त किया जाए।


गुप्ता ने पत्र में कहा कि केजरीवाल ने अपने सरकारी आवास को एक भव्य 'शीशमहल' में बदल दिया, जो पूरी तरह से अवैध और अनैतिक था। उन्होंने आरोप लगाया कि यह निर्माण बिना किसी अनुमति और निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया गया था, जिससे इसके क्षेत्रफल को 10,000 वर्ग मीटर से बढ़ाकर 50,000 वर्ग मीटर तक कर दिया गया, जिसमें आसपास की सरकारी संपत्तियों को भी जोड़ लिया गया था।

विजेंद्र गुप्ता ने यह भी बताया कि केजरीवाल सरकार ने 45 और 47, राजपुर रोड पर स्थित आठ टाइप-V फ्लैट और 8A व 8B फ्लैग स्टाफ रोड के सरकारी बंगले को मुख्यमंत्री आवासीय परिसर में अवैध रूप से जोड़ लिया था। भाजपा विधायक ने इस अतिक्रमण को तुरंत हटाने और 6, फ्लैग स्टाफ रोड को उसकी मूल स्थिति में बहाल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह न केवल सरकारी नियमों का उल्लंघन है, बल्कि जनता के पैसों की खुली लूट भी है।

गुप्ता ने इसे भ्रष्टाचार का गंभीर मामला बताते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार के खजाने से करोड़ों रुपये खर्च कर यह आलीशान आवास तैयार किया गया, जबकि दिल्ली की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही थी। उन्होंने कहा, "अरविंद केजरीवाल का कथनी और करनी में भारी अंतर है। एक ओर वे खुद को आम आदमी बताते हैं, वहीं दूसरी ओर उन्होंने जनता के पैसे से अपने लिए एक भव्य महल खड़ा कर लिया।"

भाजपा विधायक ने इस मुद्दे को प्रशासनिक और नैतिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए उपराज्यपाल से अनुरोध किया कि इस घोटाले की पूरी जांच की जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा, "दिल्ली सरकार के संसाधनों का दुरुपयोग कर एक व्यक्ति के लिए विलासिता का साम्राज्य खड़ा करना अस्वीकार्य है।"

विजेंद्र गुप्ता ने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार ने सत्ता के नशे में जनता के पैसे का दुरुपयोग किया है। उन्होंने उपराज्यपाल से इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए 6, फ्लैग स्टाफ रोड को उसकी मूल स्थिति में बहाल करने और अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की है। इसके साथ ही, उन्होंने 8A और 8B फ्लैग स्टाफ रोड के सरकारी बंगले को मुख्यमंत्री आवासीय परिसर से अलग करने की भी बात की।

उन्होंने इस पूरे मामले की जांच तेज करने की मांग की और कहा कि पिछले साल की गई शिकायत पर कार्रवाई की जाए ताकि दिल्ली की जनता को पता चल सके कि आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल ने किस तरह से उनके पैसे का दुरुपयोग किया।


Read More
Next Story