दिल्ली बनेगा खालिस्तान, दिल्ली के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
x

'दिल्ली बनेगा खालिस्तान', दिल्ली के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

दिल्ली के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। पुलिस ईमेल भेजने वाले की तलाश कर रही है।


Delhi Schools Bomb Threat: राजधानी दिल्ली के कई स्कूलों में सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। इन धमकी भरे ईमेल्स के बाद छात्रों, अभिभावकों और स्कूल प्रशासन में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं और प्रभावित स्कूलों में भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल में लिखा गया था कि “दिल्ली खालिस्तान बनेगी।” इस संदेश के सामने आते ही स्थानीय पुलिस थानों की टीमें, बम निरोधक दस्ता (BDS) और खोजी कुत्तों (K9 यूनिट) के साथ सुरक्षा बल तुरंत स्कूलों में पहुंचे। एहतियात के तौर पर स्कूल परिसरों को खाली कराया गया और बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया।

कई स्कूलों में घोषित की गई छुट्टी

सूत्रों के मुताबिक, यह ईमेल सुबह करीब 7 बजकर 22 मिनट पर भेजा गया था। ईमेल भेजने वाले ने दावा किया था कि दोपहर 1 बजकर 11 मिनट पर धमाका किया जाएगा। यही नहीं, धमकी देने वाले ने यह भी लिखा कि 13 फरवरी को दोपहर 1:11 बजे संसद भवन को भी निशाना बनाया जाएगा। इन दावों के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे मामले को बेहद गंभीरता से लिया। स्कूलों में मौजूद छात्रों को तुरंत बाहर निकालकर उनके अभिभावकों को सूचना दी गई। कई स्कूलों ने एहतियात के तौर पर छुट्टी घोषित कर दी, ताकि किसी भी तरह का खतरा न रहे। बच्चों को लेने के लिए स्कूलों के बाहर माता-पिता की भीड़ लग गई और हर कोई अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आया।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूल परिसरों में गहन तलाशी अभियान चलाया। हर कक्षा, गलियारे, बाथरूम और खुले मैदान की बारीकी से जांच की गई। राहत की बात यह रही कि किसी भी स्कूल में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। जांच के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि फिलहाल किसी तरह का खतरा नहीं है, लेकिन सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ईमेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए साइबर टीम जांच में जुट गई है। यह जानने की कोशिश की जा रही है कि ईमेल कहां से और किस मकसद से भेजा गया। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में अक्सर डर फैलाने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जाती है, लेकिन किसी भी स्थिति को हल्के में नहीं लिया जा सकता।

पहली भी हुआ है ऐसा

यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली के स्कूलों को इस तरह की धमकियां मिली हों। पिछले महीने भी दिल्ली के कई स्कूलों में इसी तरह के बम धमकी वाले ईमेल आए थे, जिससे पूरे शहर में दहशत फैल गई थी। उस समय भी सुरक्षा बढ़ा दी गई थी और बाद में वे धमकियां झूठी साबित हुई थीं।

चंडीगढ़ के स्कूलों में भी किए जाएंगे धमाके

ताजा मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल में यह भी दावा किया गया कि चंडीगढ़ के तीन से चार स्कूलों में भी धमाके किए जाएंगे। इस जानकारी के बाद अन्य राज्यों की सुरक्षा एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से सतर्क हैं और हर स्तर पर जांच की जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी गई है। फिलहाल सभी प्रभावित स्कूलों में स्थिति सामान्य है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जांच पूरी होने तक पुलिस और खुफिया एजेंसियां मामले पर नजर बनाए हुए हैं।

Read More
Next Story