
जयमाला के वक्त दुल्हन को मारी गोली, मातम में बदली शादी की खुशियां
एक सिरफिरे प्रेमी ने जयमाला के दौरान 18 वर्षीय दुल्हन आरती कुमारी को गोली मार दी। गोली आरती के पेट में लगी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। ये घटना बिहार के बक्सर की है।
Bihar, Buxer: बिहार के बक्सर जिले में मंगलवार की रात एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब जयमाला के मंच पर खड़ी दुल्हन को सरेआम गोली मार दी गई। वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि दुल्हन का पड़ोसी और कथित प्रेमी दीनबंधु बताया जा रहा है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
मंच पर रस्मों के बीच चली गोली
18 वर्षीय आरती कुमारी की शादी की रस्में बड़ी धूमधाम से चल रही थीं। जयमाला हो चुकी थी और आरती अपने होने वाले पति के साथ मंच पर खड़ी थी। चारों ओर रिश्तेदार और दोस्त खुशियाँ मना रहे थे। मंच पर एक लड़की दूल्हे को तिलक लगाने की रस्म कर रही थी। जैसे ही वह रस्म पूरी कर आरती की ओर मुड़ी, तभी नीचे खड़े मेहमानों के बीच से एक शख्स ने बंदूक निकाली और सीधे आरती पर फायर कर दिया।
पेट में लगी गोली, मची अफरा-तफरी
गोली सीधे आरती के पेट में, नाभि के पास लगी। गोली चलते ही शादी के घर में भगदड़ मच गई। मंच पर खून से लथपथ आरती को देख लोग चिल्लाने लगे। कुछ लोग आरती को होश में रखने की कोशिश कर रहे थे, तो कुछ डर के मारे आयोजन स्थल से बाहर की ओर भागे। खुशियों वाला संगीत अचानक चीखों में बदल गया।
वाराणसी रेफर, हालत नाजुक
परिजन तुरंत आरती को लेकर नजदीकी सदर अस्पताल पहुँचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। आरती की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है और वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की है। शुरुआती जांच और स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। मुख्य आरोपी दीनबंधु, जो आरती का पड़ोसी है, वारदात के बाद से ही फरार है। पुलिस ने उसके माता-पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। अतिरिक्त थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि आरोपी दीनबंधु का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह पहले भी शराब से जुड़े एक मामले में जेल जा चुका है। पुलिस की कई टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं।
बिना दुल्हन के लौटी बारात
यह बारात उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से आई थी। जिस घर में सुबह बेटी की विदाई होनी थी, वहां से एंबुलेंस में घायल बेटी को लेकर परिजन अस्पताल भागे। घटना के बाद दूल्हा और बारात के अन्य लोग भी गहरे सदमे में हैं और बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। इस घटना ने एक बार फिर बिहार में कानून व्यवस्था और अवैध हथियारों के बढ़ते चलन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एकतरफा प्यार या रंजिश ने न केवल दो परिवारों की खुशियां छीन लीं, बल्कि एक युवती की जान को भी खतरे में डाल दिया।

