
शाही इंतजाम पर घिरा BSNL डायरेक्टर, 50 अफसर-निजी सामान की लिस्ट आई सामने
BSNL डायरेक्टर के प्रयागराज दौरे का शाही प्रोटोकॉल वायरल होने पर विवाद बढ़ा। 50 अफसरों की ड्यूटी पर सवाल उठे, शोकॉज नोटिस जारी किए जाने के साथ दौरे को रद्द कर दिया गया।
वीआईपी कल्चर ही व्यवस्था का सबसे बड़ा दुश्मन है। इसे खत्म करना जरूरी है। इस तरह की बातें शासन- प्रशासन में बैठे लोगों से आप अक्सर सुनते होंगे। लेकिन जमीनी स्तर पर वही लोग सादगी पसंद नहीं करते। अब आप सोच रहे होंगे कि ऐसा क्या हुआ। दरअसल भारत संचार निगम लिमिटेड के डायरेक्टर स्तर के अधिकारी विवेक बंजल का दौरा था। अब साहब दौरे पर जाने वाले थे तो प्रयागराज का सरकारी अमला एक पैर पर खड़ा हो गया। लेकिन बात तब बिगड़ गई जब प्रोटोकॉल की लिस्ट सार्वजनिक हो गई है।
बीएसएनएल (BSNL) के डायरेक्टर विवेक बंजल का 19 फरवरी को प्रयागराज दौरा प्रस्तावित था, लेकिन दौरे से पहले जारी हुआ उनका विस्तृत प्रोटोकॉल सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद दौरा रद्द कर दिया गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक विभाग से जुड़े अधिकारियों की प्रतिक्रिया भी सामने आई। अधीनस्थ अधिकारियों ने प्रोटोकॉल को अजीबसऔर अत्यंत निंदनीय बताया।
बताया जा रहा है कि डायरेक्टर विवेक बंजल के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है। उनसे सात दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है। नोटिस के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सरकार इस मामले को हल्के में लेने के मूड में नहीं है। डीजीएम स्तर से जारी प्रोटोकॉल में डायरेक्टर के दौरे की मिनट-टू-मिनट योजना तैयार की गई थी। प्रयागराज आगमन से लेकर संगम स्नान, स्नान के बाद उपयोग होने वाले कपड़े, तौलिया, भोजन और दिनचर्या तक की हर व्यवस्था के लिए अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
प्रोटोकॉल के तहत 50 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी ताकि डायरेक्टर को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यहां तक निर्देश दिए गए थे कि स्नान के बाद इस्तेमाल की जाने वाली कोई भी वस्तु छूटनी नहीं चाहिए। जैसे ही यह प्रोटोकॉल इंटरनेट मीडिया पर सामने आया, इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गईं। कई यूजर्स ने इसे शाही इंतजाम करार देते हुए सवाल उठाए। मामला उच्च स्तर तक पहुंचने के बाद अगले ही दिन विवेक बंजल का प्रयागराज दौरा अचानक निरस्त कर दिया गया।
बीएसएनएल के जनसंपर्क अधिकारी आशीष गुप्ता ने दौरा रद्द होने की पुष्टि करते हुए कहा कि डायरेक्टर का कार्यक्रम निरस्त हो चुका है और जारी किया गया प्रोटोकॉल अब अमान्य माना जाए। हालांकि, प्रोटोकॉल को लेकर उठे विवाद पर उन्होंने कोई टिप्पणी नहीं की।

