चंडीगढ़ नगर निगम में बीजेपी की जीत, मेयर पद पर फिर कब्जा
x

चंडीगढ़ नगर निगम में बीजेपी की जीत, मेयर पद पर फिर कब्जा

चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर पद पर बीजेपी ने कब्जा जमा लिया है। आम आदमी पार्टी के पक्ष में सिर्फ 11 मत पड़े।


Chandigarh Mayor Election: चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर पद पर बीजेपी ने कब्जा जमा लिया है। बीजेपी उम्मीदवार सौरभ जोशी ने आप उम्मीदवार को हरा दिया। बता दें कि मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पदों के लिए चुनाव हो रहा है। इस बार मुकाबला त्रिकोणीय था जिसमें भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी), कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) अपने-अपने उम्मीदवारों के साथ मैदान में उतरी हैं।

वोटिंग का पूरा गणित

मेयर चुनाव में सौरभ जोशी को 18 वोट मिले और वे विजयी रहे। कांग्रेस उम्मीदवार गुरप्रीत सिंह गब्बी को 7 वोट मिले, जबकि आम आदमी पार्टी के योगेश ढींगरा को 11 वोट प्राप्त हुए। चुनाव हाथ उठाकर मतदान के जरिए कराया गया। यदि वोट बराबर होते तो म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन एक्ट के तहत टॉस का प्रावधान था, लेकिन इसकी जरूरत नहीं पड़ी।

सीनियर डिप्टी मेयर भी बीजेपी के खाते में

मेयर के साथ-साथ सीनियर डिप्टी मेयर पद पर भी बीजेपी को सफलता मिली। पार्टी के जसमनप्रीत सिंह सीनियर डिप्टी मेयर चुने गए। इस पद के लिए बीजेपी से जसमनप्रीत सिंह, AAP से मुनव्वर खान और कांग्रेस से सचिन गलाव मैदान में थे।

तीनों दलों ने लड़ा अलग-अलग चुनाव

इस बार कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने गठबंधन नहीं किया और दोनों ने अलग-अलग उम्मीदवार उतारे। 2022 में मौजूदा नगर निगम के गठन के बाद यह पहला मौका है जब बीजेपी, कांग्रेस और AAP तीनों ने स्वतंत्र रूप से मेयर चुनाव लड़ा।

संख्या बल और चुनावी प्रक्रिया

चंडीगढ़ नगर निगम में कुल 35 पार्षद हैं और शहर के सांसद को भी मतदान का अधिकार है, जिससे कुल वोटों की संख्या 36 हो जाती है। मेयर चुने जाने के लिए 19 वोट जरूरी होते हैं। मौजूदा सदन में बीजेपी के 18, AAP के 11 और कांग्रेस के 6 पार्षद हैं, जबकि सांसद का एक अतिरिक्त वोट भी शामिल होता है।

Read More
Next Story