बोर्ड परीक्षा से पहले दिल्ली में फीस बढ़ोतरी पर घमासान, AAP और बीजेपी के बीच वार-पलटवार
x
एक नामी स्कूल द्वारा फीस जमा न करने पर बोर्ड परीक्षा के एडमिट कार्ड रोके जाने के मुद्दे पर AAP ने प्रोटेस्ट किया

बोर्ड परीक्षा से पहले दिल्ली में फीस बढ़ोतरी पर घमासान, AAP और बीजेपी के बीच वार-पलटवार

दिल्ली में बोर्ड परीक्षा से पहले एक नामी स्कूल द्वारा छात्रों के एडमिट कार्ड रोके जाने का मामला तूल पकड़ गया है। इसे स्कूलों में फीस बढ़ोतरी से जोड़ा जा रहा है।


दिल्ली में ऐन बोर्ड परीक्षा के मौके पर बड़ा सियासी बवाल हो गया है। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि साकेत स्थित एक नामी प्राइवेट स्कूल द्वारा बढ़ी हुई फीस जमा न करने पर कक्षा 10 के कुछ छात्रों के बोर्ड परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी करने में आनाकानी की गई। इसी को लेकर आम आदमी पार्टी ने सत्तारूढ़ भाजपा पर तीखे आरोप लगाए।

AAP ने प्रभावित अभिभावकों और छात्रों से कहा है कि वह इस मामले में हस्तक्षेप करेगी। AAP दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "रेखा गुप्ता सरकार की प्राइवेट स्कूल मालिकों से मिलीभगत सबके सामने आई । कल बोर्ड के एग्जाम है , और APEEJAY SCHOOL ने बच्चों के एडमिट कार्ड रोक कर बैठा है। बच्चों को ब्लैकमेल किया जा रहा है । सीएम रेखा गुप्ता और शिक्षा मंत्री आशीष सूद कहां छिपे हुए हैं?"



इस पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “दिल्ली सरकार का नया शिक्षा कानून इतना सख्त है कि साकेत स्थित ए.पी.जे. स्कूल ही नहीं, बल्कि कोई भी निजी स्कूल केंद्रीय बोर्ड के परीक्षार्थियों के रोल नंबर नहीं रोक सकेगा। अभिभावक निश्चिंत रहें कि सभी छात्र परीक्षा देंगे।”



सौरभ भारद्वाज ने एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा,"बीजेपी के सत्ता में आते ही बहुत सारे निजी स्कूलों ने बेतहाशा फीस बढ़ाई। सरकार ने कहा कि हम नया कानून लाएंगे और ये सारी फीस वापस करवाएंगे लेकिन आज तक एक भी प्राइवेट स्कूल ने बढ़ी हुई फीस वापस नहीं करी। कितने शर्म की बात है कि जिन बच्चों को कल exam देना है, वो आज चार घंटों से एडमिट कार्ड लेने के लिए खड़े हैं। दिल्ली के अंदर इतनी बड़ी गुंडागर्दी चल रही है लेकिन CM रेखा जी उदयपुर में शादी समारोह में मस्त हैं। शिक्षा मंत्री आशीष सूद भी गायब हैं।"

Read More
Next Story