
दिल्ली-NCR में लौटकर आई ठंड: आज फिर घना कोहरा, दिल्ली समेत दो राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक 1 फरवरी के बाद यूपी में एक बार फिर बारिश हो सकती है। वहीं दिल्ली और राजस्थान में अगले तीन दिन बारिश का अनुमान है। पंजाब और हरियाणा में तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मौसम एक बार फिर से करवट बदल रहा है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ उभरा है जिसकी वजह से राजधानी दिल्ली और राजस्थान में अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
दिल्ली में लौटेगी सर्दी
दिल्ली के लिए मौसम विभाग के अनुमान बता रहे हैं कि अगले तीन दिनों के दौरान यहां बारिश और आंधी की संभावना है। वैसे दिल्ली में शुक्रवार को ठंड से थोड़ी राहत देखने को मिली। अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 0.5 डिग्री अधिक है। लेकिन अब मौसम बदलने के संकेत मिले हैं और मुमकिन है कि ठंड की फिर से वापसी हो जाए।
यूपी के लिए अलर्ट
उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के चलते ठंड में इजाफा हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को यूपी में कोहरा और ठंड दोनों बढ़ सकते हैं। नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 1 से 3 फरवरी के बीच राज्य में बारिश की संभावना भी जताई गई है।
पंजाब और हरियाणा का हाल
पंजाब के कई इलाकों में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया, जबकि हरियाणा में यह औसत के करीब बना रहा। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में दोनों राज्यों में तापमान सामान्य के आसपास ही रहने की संभावना है। हालांकि 1 फरवरी से मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है और कई इलाकों में बारिश हो सकती है।
राजस्थान में बारिश के आसार
नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के कई हिस्सों में शनिवार से बारिश होने का अनुमान है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार 31 जनवरी को अजमेर, कोटा, जयपुर, भरतपुर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में आकाशीय बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इसके अलावा 1 और 2 फरवरी को भी उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के अजमेर, कोटा, जयपुर और भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।
कश्मीर में खत्म हुआ चिल्ला-ए-कलां
कश्मीर घाटी में भीषण सर्दी के दौर ‘चिल्ला-ए-कलां’ की शुक्रवार को समाप्ति हो गई। इसके साथ ही घाटी के अधिकतर हिस्सों में रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अधिकारियों के मुताबिक श्रीनगर सहित कई इलाकों में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से ऊपर पहुंच गया, जिससे कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात के शून्य से नीचे 0.6 डिग्री सेल्सियस से अधिक और सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। कोनिबल में न्यूनतम तापमान 1.0 डिग्री, पुलवामा में 0.1 डिग्री और कुलगाम में 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। घाटी के अधिकतर मौसम केंद्रों में तापमान सामान्य से ऊपर रहा।

