
दिल्ली में अरुणाचल की 3 युवतियों पर नस्लीय टिप्पणी के आरोप में पति-पत्नी गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि शुरुआत में मामला भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया था, जिनमें आपराधिक धमकी, महिला की मर्यादा का अपमान और विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य फैलाने जैसे आरोप शामिल थे। फिर SC/ST एक्ट भी जोड़ा गया।
दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में अरुणाचल प्रदेश की तीन युवतियों पर कथित रूप से नस्लीय टिप्पणी करने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने एक दंपति को गिरफ्तार किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रूबी जैन और उनके पति हर्ष को मालवीय नगर थाने में दर्ज एफआईआर की जांच के बाद हिरासत में लिया गया।
क्या है मामला?
पुलिस के मुताबिक, 20 फरवरी को किराए के मकान में मरम्मत कार्य को लेकर हुए विवाद के दौरान रूबी जैन ने अरुणाचल प्रदेश की तीन युवतियों के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक और नस्लीय टिप्पणियां कीं। उस घटना का एक वीडियो भी वायरल है।
गिरफ्तार महिला के खिलाफ दर्ज एफआईआर में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
पुलिस ने बताया कि शुरुआत में मामला भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया था, जिनमें आपराधिक धमकी, महिला की मर्यादा का अपमान और विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य फैलाने जैसे आरोप शामिल थे।
पुलिस के बयान के अनुसार, “एससी-एसटी अधिनियम जोड़े जाने के बाद जांच एसीपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा इसकी कड़ी निगरानी की जा रही है।”
अरुणाचल के सीएम के बयान के बाद एक्शन
दिल्ली पुलिस ने ये कार्रवाई अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेमा खांडू के बयान के एक दिन बाद की है। प्रेमा खांडू ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया था कि उन्होंने इस मामले में दिल्ली पुलिस के चीफ से बात की है। प्रेमा खांडू ने लिखा-"कल जैसे ही मुझे इस मामले की जानकारी मिली, मैंने तुरंत दिल्ली पुलिस के आयुक्त से बात की और शीघ्र एवं सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस आयुक्त व्यक्तिगत रूप से मेरे संपर्क में हैं। आरोपी फिलहाल फरार हैं, और मुझे आश्वासन दिया गया है कि उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।"
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी इस मामले में अरुणाचल प्रदेश के सीएम से बात की। उन्होंने बाद में सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये बताया कि उन्होंने इस मामले में तत्काल कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस के आयुक्त से भी बात की है। उन्होंने अपनी पोस्ट में दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता को भी टैग किया था।
सीएम रेखा गुप्ता की प्रतिक्रिया
इस बीच, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मैं पूर्वोत्तर की हमारी बहनों के साथ हुई इस घटना की कड़ी निंदा करती हूं और उनके साथ मजबूती से खड़ी हूं।”
उन्होंने कहा कि दिल्ली सभी की है और यहां हर नागरिक की गरिमा, सम्मान और सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने कहा, “मैं उनसे व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करूंगी।”
मुख्यमंत्री ने आगे लिखा, “पुलिस पूरी जिम्मेदारी के साथ कानूनी कार्रवाई कर रही है और हम सुनिश्चित करेंगे कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई हो। किसी भी बेटी को परेशान करना, भेदभाव करना या अपमानित करना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम सभी एक हैं और हर बेटी की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है।”
वीडियो और गवाहों के बयान पर कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि घटना के वीडियो रिकॉर्डिंग और गवाहों के बयानों की जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि विवाद के दौरान नस्लीय टिप्पणियां की गई थीं। इसी आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।

