
दिल्ली के शाहाबाद डेयरी में एनकाउंटर, बवाना मर्डर केस के बदमाश गिरफ्तार
दिल्ली के शाहाबाद डेयरी इलाके में पुलिस मुठभेड़ में बवाना कारोबारी मर्डर केस के दो आरोपी घायल हुए। पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों को गिरफ्तार किया गया।
Shahbad Dairy Encounter News: दिल्ली के शाहाबाद डेयरी थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपी घायल हो गए। दोनों आरोपी एक चर्चित मर्डर केस में वांछित थे और पिछले एक महीने से फरार चल रहे थे। पुलिस ने उन्हें आउटर नॉर्थ जिले में ट्रेस करने के बाद कार्रवाई की।घायल बदमाशों की पहचान मोहम्मद इरफान और ऐश्वर्य पांडे के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों का नाम बवाना इलाके में हुए एक कारोबारी की हत्या के मामले में सामने आया था। तब से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।
पुलिस को मिली थी मूवमेंट की जानकारी
पुलिस को जब दोनों आरोपियों की लोकेशन और मूवमेंट की सूचना मिली तो उन्हें पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया। सोमवार देर रात पुलिस टीम ने बाइक पर जा रहे संदिग्धों को रोकने की कोशिश की।
पुलिस पर की ताबड़तोड़ फायरिंग
पुलिस के मुताबिक खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। कुछ ही सेकंड में दोनों तरफ से करीब 11 राउंड गोलियां चलीं।इस मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें काबू कर लिया गया।
हथियार और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की है। घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विदेश बैठे गैंगस्टरों से जुड़े तार
जांच में यह भी सामने आया है कि इस हत्या के तार विदेश में बैठे गैंगस्टर रणदीप मलिक और अनिल पंडित से जुड़े हो सकते हैं। कारोबारी की हत्या की जिम्मेदारी भी कथित तौर पर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ली गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।

