दिल्ली में 2 दिन का येलो अलर्ट जारी, पांच डिग्री तक गिर सकता है तापमान
x
दिल्ली में शनिवार की सुबह इस मौसम की सबसे सर्द सुबह के रूप में दर्ज की गई (फाइल)

दिल्ली में 2 दिन का येलो अलर्ट जारी, पांच डिग्री तक गिर सकता है तापमान

दिल्ली में शनिवार की सुबह इस मौसम की सबसे सर्द सुबह रही। यहां तापमान में गिरावट को देखते हुए दो दिनों का येलो अलर्ट जारी किया गया है।


दिल्ली के लोगों को कड़ाके की सर्दी के बाद अब शीतलहर का सामना करना पड़ रहा है। पिछले कुछ दिनों तक बादल और घना कोहरा छाए रहने से धूप नहीं निकल पाई। इससे दिन के तापमान में गिरावट बनी रही, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास था। लेकिन बीते तीन दिनों में रात के तापमान में तेज गिरावट आई है। शनिवार की सुबह इस मौसम की सबसे सर्द सुबह रही। तापमान में लगातार गिरावट को देखते हुए मौसम विभाग ने दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

पांच डिग्री से नीचे जा सकता है तापमान

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। बर्फीली हवाओं के कारण गलन वाली ठंड महसूस होगी। सुबह के समय मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है।

चार दिनों में चार डिग्री गिरा न्यूनतम तापमान

शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम है। यह इस सर्दी का अब तक का सबसे कम तापमान है। पिछले चार दिनों में न्यूनतम तापमान करीब चार डिग्री तक गिर चुका है।

पालम में विजिबिलिटी सिर्फ 50 मीटर

सुबह के समय दिल्ली में मध्यम से घना कोहरा रहा। पालम में सुबह 7:30 बजे दृश्यता केवल 50 मीटर थी, जो 8:30 बजे बढ़कर 100 मीटर हो गई। दिन में अच्छी धूप निकलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। सफदरजंग केंद्र में अधिकतम तापमान 20.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक है। यहां आर्द्रता 44 से 100 प्रतिशत के बीच रही।

प्रदूषण से राहत नहीं

ठंड के साथ-साथ दिल्ली के लोगों को प्रदूषण से भी राहत नहीं मिल रही है। हवा की रफ्तार कम होने के कारण प्रदूषक कण वातावरण में जमा हो रहे हैं। शनिवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 346 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। चिंता की बात यह है कि दिल्ली के दो इलाकों में AQI 400 से ऊपर, यानी ‘गंभीर’ श्रेणी में रहा।

प्रदूषण का लंबा दौर जारी

इस बार दिल्ली में प्रदूषण का दौर काफी लंबा खिंच गया है। पिछले साल 14 अक्टूबर को हवा खराब श्रेणी में पहुंची थी और तब से अब तक एक भी दिन ऐसा नहीं रहा, जब हवा साफ श्रेणी में आई हो।

मानकों के अनुसार पीएम-10 का स्तर 100 और पीएम-2.5 का स्तर 60 से कम होने पर ही हवा को स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित माना जाता है। शनिवार शाम पांच बजे दिल्ली-एनसीआर में पीएम-10 का औसत स्तर 275 और पीएम-2.5 का स्तर 155 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। यानी हवा में प्रदूषण मानकों से लगभग पौने तीन गुना ज्यादा है।

Read More
Next Story