दिल्ली में रील के चक्कर में जान से हाथ धो बैठा युवक, पिस्तौल संभालते हुए दब गया ट्रिगर
x
एक वीडियो में युवक को पिस्तौल में मैगजीन डालते और उसे लोड करते हुए देखा गया।

दिल्ली में रील के चक्कर में जान से हाथ धो बैठा युवक, पिस्तौल संभालते हुए दब गया ट्रिगर

घटना के बाद युवक को तुरंत दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित धर्मशिला अस्पताल ले जाया गया। वह बेहोशी की हालत में था और उसकी छाती के बाईं ओर गोली का घाव था। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


खेल-खेल में जान गंवा देना शायद इसी को कहते हैं। पूर्वी दिल्ली इलाके के दल्लूपुरा में एक 28 साल के प्रॉपर्टी डीलर की उस समय मौत हो गई, जब वह सोशल मीडिया के लिए रील शूट करते हुए बंदूक संभाल रहा था और उसने गलती से खुद पर ही ट्रिगर दबा दिया।

यह घटना सोमवार को हुई। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में युवक, जिसकी पहचान पवन कुमार के रूप में हुई है, पिस्तौल में मैगजीन डालते और उसे लोड करते हुए दिखाई दे रहा है। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है।

इस दौरान कैमरे के पीछे मौजूद व्यक्ति, जिसे उसका चचेरा भाई हिमांशु बताया जा रहा है और जो उस हथियार का मालिक था, उसे पिस्तौल संभालने के तरीके बता रहा था और फायर न करने की चेतावनी भी दे रहा था।

लेकिन पवन ने पिस्तौल को अपनी छाती पर रखकर कैमरे की ओर देखा और ट्रिगर दबा दिया, जिसके बाद वह जमीन पर गिर पड़ा।

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, पवन को तुरंत दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित धर्मशिला अस्पताल ले जाया गया। वह बेहोशी की हालत में था और उसकी छाती के बाईं ओर गोली का घाव था। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर अशोक नगर थाने की पुलिस अस्पताल पहुंची और जांच के बाद क्राइम व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

रिपोर्ट के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला कि मृतक को खुद की ही गोली से चोट लगी थी, जो उसके चचेरे भाई हिमांशु की लाइसेंसी पिस्तौल से चली थी।

पुलिस ने लाइसेंसी हथियार के साथ 10 जिंदा कारतूस और घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग वाला मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, घटनास्थल से सभी जरूरी साक्ष्य, जिनमें फोरेंसिक सबूत भी शामिल हैं, एकत्र कर लिए गए हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एलबीएस अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है।

इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और आर्म्स एक्ट के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

Read More
Next Story