
22 फरवरी को पूरी तरह खुल जाएगा दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर, पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन
पूरा नमो भारत कॉरिडोर अब चालू होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 तारीख को इसका उद्घाटन करने वाले हैं। इससे अब 82 किलोमीटर की दूरी एक घंटे से भी कम समय में तय हो जाएगी।
दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का बहुप्रतीक्षित पूर्ण उद्घाटन 22 फरवरी को होने जा रहा है। वर्तमान में कुल 82.15 किमी लंबे इस कॉरिडोर में से 55 किमी हिस्सा न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक चालू है। National Capital Region Transport Corporation (NCRTC) ने घोषणा की है कि बाकी हिस्से का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 22 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
एनसीआरटीसी के बयान के अनुसार, “22 फरवरी 2026 को माननीय प्रधानमंत्री न्यू अशोक नगर से सराय काले खां नमो भारत स्टेशन के बीच 5 किमी लंबे खंड और मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच 21 किमी लंबे खंड का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही पूरा नमो भारत कॉरिडोर चालू हो जाएगा।”
7 साल में पूरी तरह तैयार
दिल्ली–गाजियाबाद–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर की आधारशिला 8 मार्च 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखी थी। निर्माण शुरू होने के चार वर्षों के भीतर, 20 अक्टूबर 2023 को उन्होंने 17 किमी लंबे प्राथमिक खंड (साहिबाबाद से दुहाई डिपो) का उद्घाटन कर देश को समर्पित किया और पहली नमो भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई।
इसके बाद 6 मार्च 2024 को 17 किमी का अतिरिक्त खंड मोदी नगर नॉर्थ तक खोला गया। 18 अगस्त 2024 को कॉरिडोर को मेरठ साउथ तक 8 किमी और बढ़ाया गया, जिससे परिचालन क्षेत्र में उल्लेखनीय विस्तार हुआ।
5 जनवरी 2025 को प्रधानमंत्री मोदी ने साहिबाबाद से दिल्ली के न्यू अशोक नगर तक 13 किमी लंबे अतिरिक्त खंड का उद्घाटन किया।
पूरा कॉरिडोर चालू होने के बाद दिल्ली से मेरठ की 82 किमी दूरी एक घंटे से भी कम समय में तय की जा सकेगी।

