
दिल्ली SUV हादसा : बोर्ड एग्जाम से पहले आरोपी 10वीं के छात्र को जमानत, पीछे छूटा मौत का मंजर
दिल्ली में एसयूवी से कुचले गए मोटर साइकिल सवार युवक की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
राजधानी में 3 फरवरी को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले 23 साल के युवक साहिल धनेशरा की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने घटना की भयावहता उजागर कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार, उसके सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे दिमाग में बहुत ज्यादा खून बहा। इसके अलावा उसका एक हाथ टूटा हुआ था, कई पसलियां टूट गई थीं और लीवर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त था। डॉक्टरों ने मौत की वजह भारी रक्तस्राव और महत्वपूर्ण अंगों को पहुंचे गंभीर नुकसान को बताया है।
यह हादसा लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास उस समय हुआ, जब कथित तौर पर एक नाबालिग द्वारा चलाई जा रही स्कॉर्पियो ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। साहिल द्वारका के निवासी थे।
दुर्घटना के बाद उन्हें अचेत अवस्था में इंदिरा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां दोपहर 1:54 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में पोस्टमॉर्टम किया गया, जिसमें शरीर के कई हिस्सों पर कट और खरोंच के निशान भी पाए गए।
मामले को लेकर साहिल की मां इन्ना माकन ने सोशल मीडिया पर भावुक अपील करते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था और उसकी बहन गाड़ी में रील बना रही थी, जबकि वाहन तेज रफ्तार में चलाया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि इन आरोपों की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 3 फरवरी को सुबह 11:57 बजे पीसीआर कॉल के जरिए हादसे की सूचना मिली। मौके पर एक स्कॉर्पियो, एक स्विफ्ट डिजायर टैक्सी और एक मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हालत में मिलीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि स्कॉर्पियो ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे खड़ी टैक्सी से जा भिड़ी। टैक्सी चालक अजीत सिंह घायल हुए, जिन्हें अस्पताल ले जाकर बयान दर्ज किया गया।
स्कॉर्पियो चला रहा 17 वर्षीय किशोर कथित तौर पर बिना लाइसेंस के पाया गया। उसे हिरासत में लेकर जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे ऑब्जर्वेशन होम भेजा गया। बाद में 10 फरवरी को उसे कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा देने के लिए अंतरिम जमानत मिल गई।
पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर उनकी मैकेनिकल जांच कराई, दस्तावेजों की पड़ताल की और सीसीटीवी फुटेज एकत्र किए। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद साहिल का शव परिजनों को सौंप दिया गया।

