
दिल्ली में कार के अंदर तीन लाशें मिलने से हड़कंप, फ्लाई ओवर पर खड़ी थी गाड़ी
पुलिस के अनुसार, मृतकों के शरीर पर किसी भी प्रकार की चोट या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए हैं। इससे यह संकेत मिलता है कि मौत का कारण ज़हरीले पदार्थ का सेवन हो सकता है।
दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक खड़ी कार के अंदर तीन लोगों के शव बरामद हुए। मृतकों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। शुरुआती जांच में तीनों के शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे ज़हरीले पदार्थ के सेवन से मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों द्वारा दी गई सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार को खोलकर देखा, तो अंदर तीनों के शव पाए गए। पुलिस के अनुसार मृतकों की उम्र करीब 40 से 60 वर्ष के बीच बताई जा रही है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने कार और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की। कार से कुछ नमूने भी जुटाए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।
फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर इसे सामूहिक आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, लेकिन किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और उनके परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है।
इसके साथ ही पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले कार कहां से आई थी और उसमें कौन-कौन लोग सवार थे। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।

