
दिल्ली में बीटिंग रिट्रीट आज, विजय चौक और आसपास 7 घंटे ट्रैफिक बंद
बीटिंग रिट्रीट समारोह के चलते विजय चौक क्षेत्र दोपहर 2 से रात 9:30 बजे तक बंद रहेगा। बस-मेट्रो रूट बदले गए हैं, यात्रियों को पहले निकलने की सलाह दी गई है।
Beating Retreat Traffic Alert: दिल्ली के विजय चौक पर गुरुवार को आयोजित होने वाले बीटिंग रिट्रीट समारोह को लेकर राजधानी में ट्रैफिक, बस और मेट्रो सेवाओं में कई अहम बदलाव किए गए हैं। सुरक्षा और आयोजन की तैयारियों के मद्देनजर दोपहर 2 बजे से रात 9:30 बजे तक विजय चौक और उसके आसपास का इलाका वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा।
इन सड़कों पर रहेगा यातायात प्रतिबंध
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, सुनहरी मस्जिद से कृषि भवन चौराहे के बीच रफी मार्ग, रायसीना रोड, दारा शिकोह रोड से विजय चौक की ओर जाने वाले मार्ग और कर्तव्य पथ पर विजय चौक से सी-हेक्सागन तक का हिस्सा वाहनों के लिए प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निजी वाहनों से इन मार्गों पर आने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।
दर्शकों के लिए पार्किंग की व्यवस्था
बीटिंग रिट्रीट समारोह देखने आने वाले दर्शकों के लिए शाम 7 बजे के बाद रफी मार्ग और सी-हेक्सागन के बीच वाटर चैनलों के पीछे पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यातायात पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सड़क किनारे वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं।
दो मेट्रो स्टेशन के निकास चार घंटे बंद
समारोह के चलते उद्योग भवन और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन के रफी मार्ग की ओर खुलने वाले निकास द्वार गुरुवार दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक बंद रहेंगे। डीएमआरसी के मुताबिक यह फैसला सुरक्षा कारणों से लिया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन पर की जाने वाली घोषणाओं का पालन करें।
समय से पहले निकलने की सलाह
डीएमआरसी और ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे बस और मेट्रो से सफर करने के लिए समय से पहले निकलें, क्योंकि मार्गों में बदलाव और सुरक्षा जांच के कारण सामान्य दिनों की तुलना में अधिक समय लग सकता है। डीएमआरसी ने यह भी बताया है कि 29 जनवरी तक सभी मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा जांच बढ़ा दी गई है।
बस रूट में भी बदलाव
बीटिंग रिट्रीट के मद्देनजर कनॉट प्लेस और केंद्रीय सचिवालय की ओर जाने वाली कई बसों के रूट बदले गए हैं। शांति पथ, विनय मार्ग और सरदार पटेल मार्ग से आने वाली बसें अब पंचशील मार्ग, सिमोन बोलिवर मार्ग, वंदे मातरम मार्ग, शंकर रोड चौराहा और शेख मुजीबुर रहमान रोड से होकर जाएंगी।केंद्रीय सचिवालय जाने वाली बसें उद्यान मार्ग पर समाप्त होंगी और वापसी में काली बाड़ी मार्ग, मंदिर मार्ग और शंकर रोड से लौटेंगी।
कनॉट प्लेस जाने वाली बसें मंदिर मार्ग, काली बाड़ी मार्ग, जीपीओ और बाबा खड़क सिंह मार्ग से होकर पहुंचेंगी।तुगलक रोड से आने वाली और कनॉट प्लेस-केंद्रीय सचिवालय जाने वाली बसों को अरबिंदो चौक से सफदरजंग रोड और कमाल अतातुर्क मार्ग की ओर मोड़ा जाएगा।यात्रियों से अपील की गई है कि वे बस रूट और ट्रैफिक एडवाइजरी देखकर ही यात्रा की योजना बनाएं, ताकि असुविधा से बचा जा सके।

