बाहुबली पति और करोड़ों की संपत्ति के बावजूद विभा देवी बनी ट्रोल का विषय
x

बाहुबली पति और करोड़ों की संपत्ति के बावजूद विभा देवी बनी ट्रोल का विषय

नव निर्वाचित विधायक विभा देवी हिंदी शपथ सही से नहीं पढ़ पाईं, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, शिक्षा पर बहस और ट्रोलिंग शुरू।


Click the Play button to hear this message in audio format

Bihar MLA Vibha Devi : वो एक बाहुबली की पत्नी हैं, करोड़ों की सम्पति है, विधायक भी चुनी गयी हैं लेकिन आज वो इनमें से किसी भी वजह से चर्चा में नहीं है। चर्चा का विषय उनकी शिक्षा से जुड़ा है और इस वजह से सोशल मीडिया पर उनको काफी ट्रोल किया जा रहा है। हम बात कर रहे हैं नव निर्वाचित विधायक विभा देवी की, जो नवादा विधानसभा सीट से जीती हैं। अहम बात ये भी है कि वो इससे पहले भी विधायक रह चुकी हैं।

बिहार की 18वीं विधानसभा के पहले सत्र में सोमवार (1 दिसंबर) को नव निर्वाचित विधायक विभा देवी शपथ ग्रहण के दौरान हिंदी में लिखी शपथ सही से नहीं पढ़ पाईं। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों के लिए मज़ाक का विषय बन गया।


शपथ ग्रहण का नज़ारा

शपथ ग्रहण के दौरान विभा देवी बार-बार अटकती रहीं। उन्होंने पास बैठी सहयोगी विधायक मनोरमा देवी से मदद मांगी। बीच-बीच में वह कहती रहीं, “छोटकी बोल न…” और मनोरमा देवी ने शपथ पूरी करवाने में मदद की।
वीडियो में उनकी बातों से साफ़ है कि वह किसी तरह टूटे-फूटे शब्दों में शपथ पूरी करती नजर आईं। सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे बिहार का दुर्भाग्य कहा तो कुछ ने इसे ‘महारानी वेब सीरीज’ के रानी भारती मोमेंट से जोड़कर मज़ाक बनाया।

राजनीतिक बैकग्राउंड और बाहुबली पति

विभा देवी की राजनीतिक सफलता में उनके पति राजबल्लभ यादव का बड़ा हाथ है। राजबल्लभ यादव पहले राजद के नेता थे, लेकिन चुनाव से पहले जदयू में शामिल हुए। वह बाहुबली नेता माने जाते हैं और उन पर कई केस दर्ज हैं।
इस बार उन्होंने अपनी पत्नी को चुनाव में उतारा और नवादा सीट से जीत दिलाई, राजद के उम्मीदवार कौशल यादव को 27,594 वोटों से हराया।

संपत्ति और पढ़ाई

विभा देवी ने 2025 के चुनाव में अपनी कुल संपत्ति करीब 32 करोड़ रुपये बताई। वह इससे पहले भी विधायक रह चुकी हैं, और उनके पति भी पहले विधायक रह चुके हैं।
चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी पढ़ाई ‘साक्षर’ लिखी है। वीडियो में उनकी शपथ पढ़ने की शैली देखकर यह अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि उनका औपचारिक शैक्षणिक स्तर सीमित है।

सोशल मीडिया की प्रतिक्रियाएं

सोशल मीडिया में उनका शपथ ग्रहण मजाक का विषय बन गया। एक यूजर ने लिखा: “नीतीश की विधायक नहीं ले पाई शपथ, अनपढ़ महिला कैसे करेगी नवादा का विकास?”
दूसरों ने वीडियो को शेयर करते हुए बहस छेड़ दी कि क्या कम पढ़ी-लिखी विधायक राज्य के विकास में सक्षम होंगी।


Read More
Next Story