
अबू आजमी,औरंगजेब और बात अब जेल तक, उद्धव ठाकरे भी जता चुके हैं नाराजगी
महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी के विधायक अबु आजमी पर देवेंद्र फडणवीस का रुख कड़ा है। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत जेल भेजा जाएगा। बता दें कि आजमी ने औरंगजेब की तारीफ की थी।
Abu Azmi News: ना तो अब औरंगजेब और ना ही शंभाजी महाराज हैं। 17वीं शताब्दी की एक घटना को फिल्म छावा को जब सिल्वर स्क्रीन पर पेश किया गया तो अंदेशा नहीं था कि मामला तूफानी शक्ल लेगा। महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी हर एक मुद्दे पर अपनी राय रखते हैं, यह बात अलग है कि बवाल हो जाता है। उनके मुताबिक औरंगजेब ने जो कुछ किया था वो धर्म से प्रेरित नहीं था बल्कि सियासी था। लेकिन सवाल यह उठा कि शंभाजी महाराज को जिस निर्ममता से मारा गया क्या उसे वो सही मानते हैं। क्या एक रक्त प्यासा बादशाह की प्रशंसा की जानी चाहिए।
यह मामला महाराष्ट्र विधानसभा में उठा। अबू आजमी को बजट सेशन तक के लिए निलंबित भी किया गया। उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज है। इस विषय पर अब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने समाजवादी पार्टी के विधायक अबु आसिम आजमी पर बड़ा बयान दिया है। विधान परिषद में फडणवीस ने कहा कि आजमी को सौ फीसदी जेल भेजा जाएगा।
औरंगजेब की प्रशंसा पर निलंबन
अबु आजमी को मुगल शासक औरंगजेब की प्रशंसा करने पर महाराष्ट्र विधानसभा से निलंबित कर दिया गया। सत्ता पक्ष के सदस्यों ने इसे मराठा राजा छत्रपति शिवाजी महाराज और उनके योद्धा-पुत्र छत्रपति संभाजी महाराज का अपमान बताया।
आजमी का विरोध और प्रतिक्रिया
बजट सत्र समाप्त होने तक निलंबित किए गए आजमी ने इस कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने कहा कि विवादास्पद टिप्पणी वापस लेने के बावजूद उन्हें दंडित किया गया। बजट सत्र 26 मार्च को समाप्त होगा।
विपक्ष और उद्धव ठाकरे की प्रतिक्रिया
विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे (उद्धव ठाकरे गुट) ने फडणवीस से सवाल किया कि आजमी को उनकी टिप्पणी के लिए जेल क्यों नहीं भेजा गया? इस पर फडणवीस ने दोहराया कि मुंबई के मानखुर्द-शिवाजी नगर से विधायक आजमी को शत-प्रतिशत जेल में डाला जाएगा।
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि किसी को भी राष्ट्रीय नायकों के खिलाफ बोलने की हिम्मत नहीं करनी चाहिए। उन्होंने सरकार से ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की और कहा कि आजमी को स्थायी रूप से विधानसभा से निलंबित किया जाना चाहिए।
आजमी का बचाव और वीडियो बयान
अबु आजमी के कार्यालय से जारी एक वीडियो बयान में उन्होंने कहा कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं कहा। हालांकि, सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलती रहे, इसलिए उन्होंने विधानसभा के बाहर दी गई अपनी टिप्पणियों को वापस ले लिया। फिर भी उन्हें निलंबित कर दिया गया।
अबु आजमी ने औरंगजेब पर क्या कहा था?
आजमी ने कहा था कि औरंगजेब के शासनकाल में भारत की सीमाएं अफगानिस्तान और बर्मा (म्यांमार) तक फैली हुई थीं। उन्होंने यह भी दावा किया कि उस समय भारत की जीडीपी वैश्विक जीडीपी का 24% थी और देश को 'सोने की चिड़िया' कहा जाता था। जब उनसे औरंगजेब और मराठा शासक छत्रपति संभाजी महाराज के संघर्ष पर सवाल किया गया, तो उन्होंने इसे सिर्फ एक राजनीतिक लड़ाई बताया।