
यूपी SI भर्ती परीक्षा के सवाल पर बवाल ! बीजेपी प्रदेश मंत्री ने सीएम को पत्र लिखा, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा 'कार्रवाई की जाएगी’
चार विकल्पों में ‘पंडित’ को भी शामिल किया गया था।अन्य विकल्प अवसरवादी, निष्कपट और सदाचारी थे।लेकिन प्रश्नपत्र के इस सवाल को लेकर हंगामा मच गया।
यूपी पुलिस की सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा के पहले दिन आज एक सवाल से बवाल हो गया।प्रश्नपत्र में एक प्रश्न के जवाब में ऑप्शन के तौर पर 'पंडित’ को भी शामिल किया गया था।कई ब्राह्मण संगठनों ने इस पर आपत्ति की है।वहीं बीजेपी के प्रदेश मंत्री अभिजात मिश्रा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इसकी शिकायत करते हुए दोषियों के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग कर दी है।वहीं डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि जिम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पंडित को विकल्प में शामिल करने का विरोध-
यूपी पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा आज हुई।इसमें पूछे गए एक सवाल को लेकर विवाद खड़ा हो गया।प्रश्नपत्र सामने आने के बाद सोशल मीडिया में लोगों ने इसको शेयर करना शुरू किया तो हंगामा मच गया।ब्राह्मणों संगठनों ने इस पर विरोध जताया।परीक्षा में सामान्य हिंदी खंड के एक प्रश्न में 'अवसर के अनुसार बदल जाने वाला’ वाक्यांश के लिए एक शब्द का विकल्प पूछा गया था। इसमें चार विकल्पों में ‘पंडित’ को भी शामिल किया गया था।अन्य विकल्प अवसरवादी, निष्कपट और सदाचारी थे।लेकिन प्रश्नपत्र के इस सवाल को लेकर हंगामा मच गया।
प्रश्नपत्र वायरल होने के बाद ब्राह्मण संगठनों ने नाराज़गी ज़ाहिर की।लोगों का तर्क था कि दूसरे विकल्प किसी ख़ास गुण को बताते हैं जबकि पंडित वर्ण है और पंडित को इसमें विकल्प के तौर पर शामिल करने का कोई औचित्य नहीं है।ब्राह्मण संगठनों ने इसे ब्राह्मणों के अपमान से जोड़ते हुए ब्राह्मण-विरोधी मंशा का प्रतीक बताया।सोशल मीडिया में कई यूज़र्स ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि ‘पंडित’ को विकल्प में रखना जानबूझकर ब्राह्मण समाज को बदनाम करने की कोशिश है।
बीजेपी प्रदेश मंत्री अभिजात मिश्रा ने सीएम से शिकायत की-
बीजेपी के प्रदेश मंत्री अभिजात मिश्र ने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर शिकायत की है।अभिजात मिश्रा ने लिखा है कि 'यह प्रश्न स्पष्ट रूप से ग़लत फ्रेम किया गया है।विकल्पों में पंडित को शामिल करना एक विशेष समुदाय को भावनाओं को आहत करने वाला है।पंडित शब्द, विद्वान, ज्ञानी और धार्मिक सम्मान से जुड़ा है।इसे अवसरवादिता जैसे नकारात्मक अर्थ से जोड़ना पूरी तरह अनुचित, असंवेदनशील और संभवतः जानबूझकर किया गया प्रतीत होता है।’ अभिजात मिश्रा ने माँग की है कि प्रश्नपत्र सेट करने वाले लोगों के ख़िलाफ़ कठोर कार्रवाई की जाए।वहीं सुभासपा ( सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी) के प्रवक्ता पीयूष मिश्रा ने भी अपने आधिकारिक अकाउंट से इसका विरोध करते हुए इसे ब्राह्मण समाज और भारतीय विद्वत परंपरा का अपमान बताया है।इधर प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति ने भी इस प्रश्न पर आपत्ति जतायी है।छात्रों का कहना है इससे जातीय वैमनस्य बढ़ेगा।साथ ही इस तरह का प्रश्न तय करने वालों और परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।हाल ही में यूपी में ब्राह्मणों की अनदेखी और ब्राह्मण समाज की नाराज़गी को लेकर राजनीति होती रही है।इस विवाद के बाद कुछ लोग इसको लेकर भी चर्चा कर रहे हैं।
जाँच हो रही है, कार्रवाई की जाएगी : ब्रजेश पाठक-
इधर इस मुद्दे पर मामला गरमाते देख यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि इसकी जाँच हो रही है और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।ब्रजेश पाठक ने अपने एक्स अकाउंट से पोस्ट किया कि 'उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में आए एक प्रश्न को लेकर जो विकल्प दिए गए उन पर हमे कड़ी आपत्ति है।सरकार ने गंभीरता से संज्ञान में लिया है। किसी भी प्रश्न से किसी समाज या वर्ग की गरिमा को ठेस पहुँचती है तो यह बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है।मैं स्पष्ट कहना चाहता हूँ कि किसी भी जाति, समुदाय या परंपरा के प्रति अपमानजनक शब्दों को कोई स्थान नहीं मिलना चाहिए। इस पूरे मामले की तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं ।संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।मैं स्पष्ट कहना चाहता हूँ कि किसी भी जाति, समुदाय या परंपरा के प्रति अपमानजनक शब्दों को कोई स्थान नहीं मिलना चाहिए। इस पूरे मामले की तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं ।संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।’
हालाँकि अभी तक इस प्रश्न और विवाद को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। UP में सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा रविवार को भी होगी।प्रदेश भर में कुल 1090 केंद्रों पर परीक्षा हो रही है। 4543 पदों पर भर्ती परीक्षा के लिए 15,75,760 परीक्षार्थीयों नें आवेदन किया है।परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा के इंतज़ाम किए गए हैं।

