
BMC चुनाव से पहले NDA में सीट बंटवारे पर घमासान, बीजेपी और शिंदे में खींचतान
कहा जा रहा है कि पहले 123 सीटों की मांग करने वाले शिंदे ने अब अपनी मांग घटाकर 112 सीटें कर दी हैं। इसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच मतभेद बने हुए हैं।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के बीच सहमति अब तक नहीं बन पाई है। हालांकि, BJP ने शिवसेना के लिए नया सीट फॉर्मूला पेश किया है,जिसके तहत उसे अब 90 सीटों का ऑफर दिया गया है लेकिन यह प्रस्ताव भी शिवसेना को कम लग रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उप मुख्यमंत्री शिंदे करीब दो दर्जन सीटों की और मांग कर रहे हैं।
अड़ गए शिंदे
रिपोर्ट्स बता रही हैं कि गठबंधन की पहली बैठक में शिंदे गुट की शिवसेना ने 125 सीटों की मांग रखी थी, जबकि BJP ने तब केवल 52 सीटें देने का प्रस्ताव दिया था। हालांकि, सोमवार देर रात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ हुई अहम बैठक के बाद BJP ने सीटों की संख्या बढ़ाते हुए 90 कर दिया। बावजूद इसके शिंदे नहीं मान रहे हैं।
कहा जा रहा है कि पहले 123 सीटों की मांग करने वाले शिंदे ने अब अपनी मांग घटाकर 112 सीटें कर दी हैं। इसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच मतभेद बने हुए हैं। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जल्द ही शिंदे के साथ एक और दौर की बातचीत करेंगे।
BJP का रुख सख्त क्यों?
हालिया स्थानीय निकाय चुनावों में शानदार प्रदर्शन के बाद BJP का रुख सख्त माना जा रहा है। पार्टी ने राज्यभर में 117 नगर पालिका अध्यक्ष पदों पर जीत दर्ज की है। इसके मुकाबले शिंदे गुट की शिवसेना को 53 और अजित पवार गुट की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) को 37 अध्यक्ष पद मिले हैं। इसी प्रदर्शन के आधार पर BJP अपने सहयोगियों को ज्यादा सीटें देने के पक्ष में नहीं दिख रही है।
दूसरी तरफ, अजित पवार की NCP के BMC चुनावों में महायुति में शामिल होने को लेकर भी तस्वीर साफ नहीं है। अगर NCP मुंबई में गठबंधन के तहत चुनाव लड़ती है, तो मौजूदा सीट बंटवारे की पूरी रणनीति पर फिर से विचार करना पड़ेगा। NCP के वरिष्ठ नेता सुनील तटकरे ने कहा कि अजित पवार और प्रफुल्ल पटेल के मुंबई आने के बाद इस पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
नवाब मलिक पर किसकी ना?
NCP के लिए नवाब मलिक बड़ी अड़चन महायुति के लिए सबसे बड़ी अड़चन NCP नेता नवाब मलिक को लेकर है। नवाब मलिक पर भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े गंभीर आरोप हैं। BJP ने साफ शब्दों में कहा है कि वह नवाब मलिक को साथ लेकर चुनाव नहीं लड़ेगी। मुंबई BJP अध्यक्ष आशीष शेलार ने दो टूक कहा कि अगर NCP को गठबंधन में शामिल होना है, तो उसे नवाब मलिक के अलावा कोई दूसरा चेहरा सामने लाना होगा और 10 से 14 सीटों पर ही संतोष करना पड़ेगा।
उधर, BMC चुनाव की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। मतदान 15 जनवरी को होगा और मतगणना 16 जनवरी को की जाएगी। नामांकन प्रक्रिया 23 दिसंबर, 2025 से शुरू हो गई है। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) में कुल 227 सीटें (चुनावी वार्ड) हैं। इसके अतिरिक्त, 5 पार्षद नगर निगम के मामलों में विशेष अनुभव रखने वाले विशेषज्ञों के रूप में मनोनीत किए जाते हैं।

