
गाजियाबाद में तीन सगी बहनों ने की खुदकुशी, कोरियन टास्क गेम से जुड़ता दिख रहा मामला
गाजियाबाद की भारत सिटी सोसायटी में तीन नाबालिग सगी बहनों ने नौवीं मंज़िल से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ऑनलाइन गेमिंग एंगल से मामले की जांच कर रही है।
Ghaziabad Triple Suicide News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। टीला मोड़ थाना क्षेत्र स्थित भारत सिटी सोसायटी में तीन नाबालिग सगी बहनों ने एक इमारत की नौवीं मंज़िल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक बहनों की उम्र 16 वर्ष, 14 वर्ष, और 12 वर्ष थी। इस सामूहिक आत्महत्या से पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि यह मामला ऑनलाइन गेमिंग ऐप से जुड़ा हो सकता है, हालांकि आत्महत्या के पीछे के सटीक कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रात करीब 2 बजे की घटना
जानकारी के अनुसार, रात लगभग दो बजे सोसायटी के लोगों ने तेज़ आवाज़ सुनी। बाहर निकलकर देखने पर तीनों बहनों के शव नीचे पड़े मिले। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ऑनलाइन गेमिंग एंगल की जांच
परिजनों ने पुलिस को बताया कि तीनों बहनें एक ऑनलाइन टास्क-बेस्ड गेमिंग ऐप में काफी समय से सक्रिय थीं। परिवार के सदस्य उन्हें बार-बार गेम खेलने से मना भी करते थे। प्रारंभिक जांच में एक कोरियन ऑनलाइन गेम से जुड़ा पहलू सामने आया है। हालांकि, इस बात की गहन जांच की जा रही है कि आखिर तीनों ने इतना गंभीर कदम क्यों उठाया।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
(अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क कर सकते हैं।)

