मनरेगा  पर कांग्रेस का हरियाणा में विधानसभा घेराव, कई नेता हिरासत में, कांग्रेस का सदन में हंगामा
x
चंडीगढ़ में मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत हरियाणा विधानसभा घेराव करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता (फोटो X/@BhupinderShooda)

मनरेगा पर कांग्रेस का हरियाणा में विधानसभा घेराव, कई नेता हिरासत में, कांग्रेस का सदन में हंगामा

विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के जिला अध्यक्षों और अन्य नेताओं को नजरबंद किया गया, ताकि वे मनरेगा के मुद्दे पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और विधानसभा घेराव में शामिल न हो सकें।


मनरेगा की बहाली की मांग को लेकर आज कांग्रेस ने चंडीगढ़ हरियाणा विधानसभा का घेराव किया। हरियाणा में विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह समेत कई सांसदों और विधायकों को बुधवार को चंडीगढ़ पुलिस ने हिरासत में ले लिया। ये सभी हरियाणा सरकार के खिलाफ विरोध मार्च निकाल रहे थे।

हिरासत में लिए गए नेताओं में सांसद दीपेंद्र हुड्डा, वरुण चौधरी, सतपाल ब्रह्मचारी और जयप्रकाश के अलावा कई कांग्रेस विधायक शामिल थे। सभी नेताओं को सेक्टर-3 पुलिस स्टेशन ले जाया गया।

यही नहीं, हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बुधवार को उस समय जोरदार हंगामा हुआ जब कांग्रेस ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर ‘हाउस अरेस्ट’ किए जाने के विरोध में सदन से वॉकआउट कर दिया।

प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने यह मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के जिला अध्यक्षों और अन्य नेताओं को नजरबंद किया गया, ताकि वे मनरेगा के मुद्दे पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और विधानसभा घेराव में शामिल न हो सकें। विरोध के दौरान कांग्रेस विधायकों ने सदन में तस्वीरें लहराते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

हुड्डा ने मुख्यमंत्री से पूछा कि क्या सरकार ने पुलिस को कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लेने के निर्देश दिए थे। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी कार्रवाई की जानकारी नहीं है और हरियाणा पुलिस इस मामले में शामिल नहीं थी।

सदन में तीखी बहस

कांग्रेस के आरोपों का सत्तापक्ष की ओर से कड़ा विरोध किया गया। मंत्री कृष्ण बेदी और महीपाल ढांडा ने कहा कि विपक्ष बेवजह मुद्दा उठा रहा है। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।

विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने कहा कि पिछले दिन हुए प्रदर्शन से असुविधा हुई थी और सदन में पहले ही यह तय किया गया था कि विधानसभा परिसर में कोई प्रदर्शन नहीं होगा। उन्होंने यह भी बताया कि हाई कोर्ट ने मामले का संज्ञान लिया है और यूटी प्रशासन को भविष्य में ऐसी स्थिति रोकने के लिए कार्रवाई का अधिकार है।

कांग्रेस का वॉकआउट

हुड्डा ने मुख्यमंत्री से पुलिस की भूमिका पर स्पष्ट बयान देने की मांग की। मुख्यमंत्री द्वारा पुलिस की संलिप्तता से इनकार किए जाने के बाद कांग्रेस विधायकों ने विरोध स्वरूप सदन से वॉकआउट कर दिया।

सरकार का पलटवार

बाद में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) में कथित अनियमितताओं और बाहरी लोगों को नौकरी दिए जाने के मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव दिया था, जिसे अध्यक्ष ने स्वीकार कर लिया था और इस पर दोपहर में चर्चा होनी थी।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस बहस से बचने के लिए ‘हाउस अरेस्ट’ का मुद्दा उठा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा पुलिस संवेदनशील है और किसी भी कांग्रेस नेता को हिरासत में नहीं लिया गया है।

Read More
Next Story