हरियाणा निकाय नतीजों में कांग्रेस का खराब प्रदर्शन,बी एस हुड्डा बोले- फर्क नहीं पड़ता
x

हरियाणा निकाय नतीजों में कांग्रेस का खराब प्रदर्शन,बी एस हुड्डा बोले- फर्क नहीं पड़ता

हरियाणा नगर निकाय चुनाव में बीजेपी की बढ़त बनी हुई है। इस बढ़त पर और अपनी हार पर कांग्रेस के कद्दावर नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि इससे फर्क नहीं पड़ता।


Haryana Civic Poll Result: हरियाणा स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस की करारी हार पर पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि यह हार कोई मायने नहीं रखती। उन्होंने तर्क दिया कि जिन क्षेत्रों में चुनाव हुए, वहां पहले भी कांग्रेस की कोई मजबूत स्थिति नहीं थी।

भाजपा का दबदबा पहले से ही था

हुड्डा ने कहा, "पहले भी नगर निगम चुनावों में भाजपा का ही दबदबा था। अगर हम कोई मेयर सीट हार गए हैं तो यह झटका हो सकता है, लेकिन ये सीटें पहले से ही हमारे पास नहीं थीं। हो सकता है कि कुछ जगहों पर हमारे पार्षदों की संख्या एक से बढ़कर दो हो गई हो, जिससे कांग्रेस को कुछ न कुछ फायदा जरूर हुआ होगा।"

"हमने चुनाव में जोर नहीं लगाया"

हुड्डा ने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस ने इन चुनावों में पूरी ताकत नहीं लगाई। उन्होंने कहा, "मैं चुनाव प्रचार के लिए कहीं नहीं गया। मैं आमतौर पर पंचायत या नगर निगम चुनाव के दौरान प्रचार नहीं करता हूं।"

भाजपा को कई सीटों पर बढ़त

अब तक आए रुझानों में भाजपा को बढ़त मिलती दिख रही है। सोनीपत और करनाल नगर निगम में भाजपा ने जीत दर्ज की है, जबकि गुरुग्राम में उसे भारी बढ़त मिली है। सिरसा में भी भाजपा को सफलता मिली, वहीं मानेसर में एक निर्दलीय महिला उम्मीदवार ने जीत हासिल की है।इसके अलावा, कांग्रेस विधायक और पूर्व रेसलर विनेश फोगाट के जुलाना नगर पालिका क्षेत्र में भी भाजपा ने जीत दर्ज की है।

Read More
Next Story