
कटक के सरकारी अस्पताल में अग्निकांड, 10 मरीजों की दर्दनाक मौत
ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज के ICU में तड़के आग लगने से 10 मरीजों की मौत हो गई। ओडिशा सरकार ने मृतकों के परिजनों को 25 लाख मुआवजा दिया है।
ओडिशा के कटक स्थित सरकारी एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के आईसीयू में सोमवार (16 मार्च) तड़के भीषण आग लगने से कम से कम 10 मरीजों की मौत हो गई।मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी तुरंत अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मरीजों को बचाने के दौरान करीब 11 अस्पताल कर्मचारियों को भी झुलसने की चोटें आईं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ट्रॉमा केयर आईसीयू और उससे सटे दूसरे आईसीयू में कुल 23 मरीज भर्ती थे। आग लगने से 7 मरीजों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मरीजों की मौत निकासी के दौरान जलने या दम घुटने से हुई।माझी ने पत्रकारों से कहा, “इस घटना में कुल 10 मरीजों की जान गई है।” प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
तड़के 2.30 से 3 बजे के बीच लगी आग
मुख्यमंत्री ने बताया कि आग अस्पताल के ट्रॉमा केयर विभाग के आईसीयू में लगी, जहां गंभीर रूप से बीमार मरीजों का इलाज चल रहा था। यह घटना रात करीब 2.30 से 3 बजे के बीच हुई।
न्यायिक जांच के आदेश
मुख्यमंत्री माझी ने इस घटना की न्यायिक जांच कराने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने फायर सर्विस के महानिदेशक (DG) को मामले की जांच कर तुरंत रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा, “मैं फायर सर्विस के डीजी को निर्देश देता हूं कि वे स्वयं एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का दौरा करें और सभी अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच सुनिश्चित करें।” मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यदि न्यायिक जांच में किसी की लापरवाही सामने आती है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मरीजों को अस्पताल के अन्य वार्डों में शिफ्ट किया गया
फायर ब्रिगेड, अस्पताल कर्मचारियों, पुलिस और मरीजों के परिजनों की मदद से आईसीयू में भर्ती मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल के अन्य विभागों में स्थानांतरित किया गया।मुख्यमंत्री माझी ने स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग के साथ अस्पताल का दौरा किया और स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने वहां इलाज करा रहे घायल मरीजों से भी मुलाकात की।मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायल मरीजों और कर्मचारियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए।
अग्नि सुरक्षा के लिए बजट का प्रावधान
मुख्यमंत्री ने बताया कि पदभार संभालने के बाद उन्होंने विभागों को निर्देश दिया था कि सभी सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं को फायरफाइटिंग सिस्टम से लैस किया जाए।उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य के लिए सरकार ने 2025–26 के वार्षिक बजट में 320 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जबकि 2026–27 के बजट में 400 करोड़ रुपये रखने की योजना है।उन्होंने बताया कि सरकारी अस्पतालों में अग्निशमन उपकरण लगाने का काम तेजी से किया जा रहा है।
विपक्ष ने जताया दुख
विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने इस हादसे में 10 मरीजों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और बताया कि वह जल्द ही एससीबी मेडिकल कॉलेज अस्पताल का दौरा करेंगे।
(एजेंसी इनपुट के साथ)

