यूपी में बीएसपी के इकलौते विधायक पर आयकर छापा, लखनऊ से बलिया तक ठिकाने खंगाले
x
2022 के विधानसभा चुनाव में बलिया की रसड़ा सीट से जीत दर्ज करने वाले उमाशंकर सिंह बसपा के एकमात्र विधायक हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

यूपी में बीएसपी के इकलौते विधायक पर आयकर छापा, लखनऊ से बलिया तक ठिकाने खंगाले

आयकर विभाग की टीमों ने बुधवार को बीएसपी विधायक उमाशंकर सिंह के लखनऊ और बलिया समेत उत्तर प्रदेश में कई ठिकानों पर छापेमारी की। इनकम टैक्स की टीम में 50 से ज्यादा अधिकारी थे।


उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के आवास और कार्यालयों पर बुधवार को आयकर विभाग ने छापेमारी की। बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई में 50 से अधिक अधिकारी शामिल रहे और लखनऊ से लेकर बलिया तक कई ठिकानों पर एक साथ जांच की गई।

लखनऊ में सुबह-सुबह पहुंची टीम

सूत्रों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 7 बजे आयकर विभाग की टीम तीन वाहनों से लखनऊ के गोमतीनगर स्थित विधायक के आवास पर पहुंची। यहां उनके घर और दफ्तर में दस्तावेजों व रिकॉर्ड की गहन जांच की गई। कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए जाने की भी जानकारी है। छापेमारी के दौरान सुरक्षा बल की तैनाती रही और परिसर में आवाजाही सीमित कर दी गई।

बलिया में भी कार्रवाई

उधर, बलिया जिले के खनवर स्थित आवास पर भी सुबह लगभग 10 बजे आयकर टीम पहुंची। अधिकारियों ने घर को घेरकर तलाशी शुरू की और मौजूद लोगों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेकर पूछताछ की। विधायक के भाई रमेश सिंह, जो छात्रशक्ति इंफ्रा कंस्ट्रक्शन कंपनी से जुड़े बताए जाते हैं, उस समय घर पर मौजूद थे।

टीम ने कंपनी के प्लांट पर भी पहुंचकर जांच की और रसड़ा स्थित विधायक के होटल ‘स्काई’ में भी छानबीन की सूचना है।

स्वास्थ्य को लेकर चर्चा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उमाशंकर सिंह पिछले कुछ समय से गंभीर बीमारी का इलाज करा रहे हैं और लखनऊ स्थित आवास पर रह रहे हैं। पारिवारिक सूत्रों का कहना है कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है।

राजनीतिक हलकों में हलचल

2022 के विधानसभा चुनाव में बलिया की रसड़ा सीट से जीत दर्ज करने वाले उमाशंकर सिंह बसपा के एकमात्र विधायक हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई से प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष विजिलेंस विभाग ने भी उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोपों में जांच शुरू की थी। हालांकि, मौजूदा आयकर छापे का उस जांच से संबंध है या नहीं, इस पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल आयकर विभाग, विधायक या बसपा की ओर से इस कार्रवाई पर कोई औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Read More
Next Story