चेन्नई एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट में 5 घंटे फंसे रहे 200 से ज्यादा यात्री, भारी हंगामा
x
लगभग पांच घंटे विमान में बैठे रहने की वजह से यात्रियों का धैर्य जवाब दे गया और वो इंडिगो वालों से उलझ पड़े

चेन्नई एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट में 5 घंटे फंसे रहे 200 से ज्यादा यात्री, भारी हंगामा

फ्लाइट सुबह 7:30 बजे रवाना होने वाली थी और बोर्डिंग एक घंटे पहले शुरू हो गई थी। यात्री समय से पहले अपनी सीटों पर बैठ चुके थे, लेकिन विमान घंटों तक रनवे पर खड़ा रहा।


चेन्नई से सिंगापुर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E1025 में सवार 200 से अधिक यात्रियों को मंगलवार को करीब पांच घंटे तक विमान के अंदर ही बैठे रहना पड़ा। निर्धारित उड़ान समय से भी ज्यादा देरी होने पर यात्रियों में भारी नाराजगी देखने को मिली और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एयरलाइन स्टाफ के साथ तीखी बहस भी कैद हुई।

एयरलाइन ने देरी की वजह तकनीकी समस्या और क्रू ड्यूटी समय सीमा को बताया, लेकिन कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए आरोप लगाया कि उन्हें लंबे इंतजार के दौरान स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।

इंडिगो का बयान

इंडिगो की ओर से जारी बयान में कहा गया कि फ्लाइट 6E1025 में एक मामूली तकनीकी खामी सामने आने के बाद विमान को वापस बे पर लाना पड़ा। जांच और रखरखाव प्रक्रिया के दौरान कॉकपिट क्रू की निर्धारित ड्यूटी समय सीमा पूरी हो गई, जिसके कारण क्रू बदलना अनिवार्य हो गया और अतिरिक्त देरी हुई।

बयान में कहा गया, “हम अपने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हैं। हमने रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराकर और समय-समय पर अपडेट साझा कर असुविधा कम करने की पूरी कोशिश की। इंडिगो में हमारे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

एयरलाइन के अनुसार, वैकल्पिक क्रू की तैनाती के बाद ही विमान ने उड़ान भरी।

यात्रियों का अलग दावा

हालांकि, सोशल मीडिया पर यात्रियों ने अलग तस्वीर पेश की। वायरल वीडियो में कई यात्री यह कहते सुने गए कि लंबे इंतजार के दौरान देरी की कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई गई। कुछ यात्रियों ने पूछा कि उन्हें और कितनी देर इंतजार करना होगा, जबकि अन्य पायलट के बारे में जानकारी मांगते दिखे।

फ्लाइट सुबह 7:30 बजे रवाना होने वाली थी और बोर्डिंग एक घंटे पहले शुरू हो गई थी। यात्री समय से पहले अपनी सीटों पर बैठ चुके थे, लेकिन विमान घंटों तक रनवे पर खड़ा रहा।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, शिशुओं, बुजुर्गों और कामकाजी पेशेवरों समेत सभी यात्रियों को विमान के अंदर ही इंतजार करना पड़ा। असुविधा के कारण कुछ यात्रियों ने उतरने की अनुमति मांगी, लेकिन उन्हें लंबे समय तक विमान से बाहर जाने की इजाजत नहीं दी गई।

रिपोर्ट के अनुसार, देरी के दौरान मूल पायलट ड्यूटी-आवर सीमा का हवाला देकर विमान से उतर गया और लगभग सुबह 11 बजे नया पायलट पहुंचा। अंततः विमान ने करीब दोपहर 12 बजे उड़ान भरी।

Read More
Next Story