
भड़काऊ पोस्ट से खतरे की आशंका, मणिपुर में इंटरनेट पर पाबंदी
मणिपुर सरकार ने मैतेई संगठन के नेता की गिरफ्तारी के बाद उपजे तनाव को देखते हुए पांच घाटी जिलों में इंटरनेट सेवाएं पांच दिन के लिए बंद कर दी हैं।
मणिपुर सरकार ने शनिवार रात 11:45 बजे से पांच घाटी जिलों इंफाल वेस्ट, इंफाल ईस्ट, थौबल, बिष्णुपुर और काकचिंग में इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाओं को पांच दिनों के लिए निलंबित कर दिया है। यह निर्णय अरामबाई तेंगगोल नामक मैतेई संगठन के एक प्रमुख नेता की गिरफ्तारी के बाद उपजे सामाजिक तनाव और विरोध प्रदर्शनों की पृष्ठभूमि में लिया गया है।
गृह विभाग के आयुक्त-सह-सचिव एन. अशोक कुमार द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर घृणा फैलाने वाले संदेश, भड़काऊ तस्वीरें और वीडियो प्रसारित कर सकते हैं। इससे संवेदनशील इलाकों में कानून व्यवस्था और अधिक बिगड़ सकती है।
आदेश में विशेष रूप से कहा गया है कि इंफाल ईस्ट, इंफाल वेस्ट, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों में वर्तमान स्थिति चिंताजनक है। सोशल मीडिया के ज़रिए भड़काऊ संदेश फैलाए जाने की आशंका को देखते हुए यह कदम जरूरी है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि यह निर्णय एकतरफा रूप से इसलिए लिया गया है ताकि किसी आपात स्थिति में त्वरित नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। यह आदेश अस्थायी है, परंतु संवेदनशीलता को देखते हुए इसे ज़रूरी माना गया है।
सरकार ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों चाहे वे व्यक्ति हों या संस्थाएं कानूनी कार्रवाई के दायरे में आएंगे। शनिवार रात को इंफाल ईस्ट और वेस्ट जिलों में अरामबाई तेंगगोल संगठन के समर्थकों ने नेता की गिरफ्तारी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किए थे, जिससे कई जगह तनावपूर्ण हालात बन गए।