Kirari Files : आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर से दिल्ली की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाये हैं. आप ने अपने X हैंडल पर एक विडियो पोस्ट करते हुए दावा किया है कि 6 फरवरी को शूट किए गए एक वीडियो ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा सरकार के दावों की पोल खोल दी है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दर्जनों ट्रक भलस्वा लैंडफिल साइट (Bhalswa Landfill) से कचरा लाकर किराड़ी की रिहायशी कॉलोनियों के बीच खाली पड़ी डीडीए (DDA) की जमीन पर डंप कर रहे हैं। कैमरे पर एक ट्रक ड्राइवर ने खुद कबूला कि वो यह सारा कूड़ा भलस्वा से ही लेकर आ रहा है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार भलस्वा के कूड़े के पहाड़ को खत्म करने के नाम पर केवल उसे एक जगह से हटाकर किराड़ी जैसे इलाकों में शिफ्ट कर रही है। इस 'कूड़े के पहाड़' के स्थानांतरण ने स्थानीय निवासियों के लिए न केवल बदबू, बल्कि कैंसर और बीमारियों का खतरा पैदा कर दिया है।
कैमरे पर खुला 'नर्क' बनाने का राज: भलस्वा से किराड़ी तक ट्रकों की लाइन सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो ने शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। किराड़ी के शर्मा कॉलोनी और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोग पहले से ही जलभराव और गंदगी से परेशान थे। अब भलस्वा लैंडफिल का रासायनिक कचरा यहाँ लाकर डालना 'कोढ़ में खाज' जैसा साबित हो रहा है। ड्राइवर के ऑन-कैमरा बयान ने उन दावों की हवा निकाल दी है जिनमें कहा जा रहा था कि लैंडफिल का कचरा वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित किया जा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कूड़े की वजह से जल निकासी के रास्ते बंद हो गए हैं, जिससे सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं।
AAP का हमला: "किराड़ी को कैंसर कैपिटल बना रही भाजपा"
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने इस मामले में रेखा गुप्ता सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा दिल्ली के पूर्वांचली बहुल इलाकों को डंपिंग ग्राउंड बनाकर उन्हें जानलेवा बीमारियों की ओर धकेल रही है। "भलस्वा का कूड़ा खत्म नहीं हो रहा, बल्कि उसे केवल किराड़ी में रिलोकेट किया जा रहा है।" उन्होंने सवाल किया कि डीडीए और दिल्ली सरकार किसके आदेश पर हजारों टन कचरा रिहायशी इलाकों में डाल रही है? इस जहरीले कूड़े से भूजल (Groundwater) प्रदूषित होने का खतरा भी बढ़ गया है, जो वहां के ट्यूबवेल पर निर्भर लोगों के लिए सीधा खतरा है।
भाजपा का पलटवार: "यह कूड़ा नहीं, इनर्ट सॉइल है"
इन आरोपों पर पहले भी दिल्ली MCD के मेयर राजा इकबाल सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी लोगों को गुमराह कर रही है। उन्होंने दावा किया कि किराड़ी में जो डाला जा रहा है, वो कूड़ा नहीं बल्कि भलस्वा में प्रोसेस की गई 'इनर्ट सॉइल' (Inert Soil) है, जिसका उपयोग केवल गड्ढों को भरने और जमीन समतल करने के लिए कानूनी रूप से किया जा रहा है। भाजपा नेताओं का कहना है कि यह पूरी तरह स्वीकृत प्रक्रिया है और आप नेता इसे 'जादुई' तरीके से कूड़ा बताकर राजनीति कर रहे हैं।
किराड़ी के लोग बेहाल: सुविधाओं के नाम पर मिला 'कूड़ा'
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच किराड़ी के आम नागरिक सबसे ज्यादा पिस रहे हैं। घुटनों तक भरे गंदे पानी और अब कूड़े की सड़ांध ने जीना दूभर कर दिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले एक साल में भाजपा सरकार ने विकास के नाम पर केवल नई समस्याएं पैदा की हैं। अगर यह कूड़ा डालना बंद नहीं हुआ और जलभराव का समाधान नहीं निकाला गया, तो यह क्षेत्र एक बड़ी महामारी की चपेट में आ सकता है।