
लश्कर के निशाने पर लाल किला के इलाके और मंदिर,दिल्ली में हाई अलर्ट
लश्कर-ए-तैयबा द्वारा लाल किला व प्रमुख मंदिरों को निशाना बनाने की आशंका पर दिल्ली समेत कई शहरों में हाई अलर्ट, सुरक्षा और जांच अभियान तेज।
पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले और देश के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की साजिश रच रहा है। खुफिया एजेंसियों ने इस इनपुट के बाद राष्ट्रीय राजधानी सहित कई बड़े शहरों में हाई अलर्ट जारी किया है।
सूत्रों के मुताबिक, आतंकी संगठन की योजना भीड़भाड़ वाले इलाकों और धार्मिक स्थलों के आसपास धमाके कर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और व्यापक दहशत फैलाने की है। विशेष रूप से लाल किले के आसपास के क्षेत्र, पुरानी दिल्ली का चांदनी चौक इलाका और घनी आबादी वाले बाजार संभावित निशाने बताए जा रहे हैं।
खुफिया रिपोर्टों में यह आशंका जताई गई है कि आतंकवादी इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के जरिए हमला करने की कोशिश कर सकते हैं। इसके मद्देनज़र दिल्ली के अलावा अयोध्या, वाराणसी और मथुरा जैसे धार्मिक महत्व वाले शहरों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रमुख मंदिरों और पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
इनपुट के अनुसार, 6 फरवरी को इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए विस्फोट के बाद कथित तौर पर बदले की भावना से यह साजिश रची गई है। हालांकि, इस हमले के लिए पाकिस्तान ने भारत को जिम्मेदार ठहराया था, जिसका भारत ने सख्ती से खंडन किया था।
सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। वाहनों की सघन जांच की जा रही है, एंटी-सैबोटाज चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं और धार्मिक स्थलों के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा तैनाती की गई है।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि देशभर के प्रमुख मंदिर संभावित निशाने पर हो सकते हैं, इसलिए सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।

