
लखनऊ यूनिवर्सिटी में नमाज़ बनाम हनुमान चालीसा, बढ़ा विवाद
लखनऊ यूनिवर्सिटी कैंपस में बने मस्जिद का रास्ता बंद होने के बाद छात्र गुटों में टकराव जारी है।मंगलवार को भी कुछ छात्रों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया।
Lucknow University Mosque dispute :
लखनऊ यूनिवर्सिटी कैंपस में स्थित लाल बारादरी मस्जिद का रास्ता बंद करने पर विवाद जारी है।मंगलवार को एबीवीपी से जुड़े छात्रों ने मस्जिद के सामने पहुंचकर हनुमान चालीसा का पाठ किया।छात्रों के विरोध को देखते हुए मामला गरमा गया।छात्रों की पुलिस से नोंक-झोंक भी हुई।इधर प्रशासन ने नमाज़ पढ़ने और विरोध करने वाले 13 छात्रों के ख़िलाफ़ एक्शन लेते हुए उन्हें नोटिस जारी कर 50 हज़ार का मुचलका भरने का आदेश दिया है।
प्रशासन की कार्रवाई, छात्रों को नोटिस-
लखनऊ यूनिवर्सिटी में लाल बारादरी इमारत में बनी मस्जिद में नमाज़ पढ़ने को लेकर छात्र गुटों में विवाद जारी है।रविवार से शुरू हुआ विवाद और विरोध का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा।एक छात्र संगठन ने बारादरी के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ किया।इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस बल से छात्रों की नोंक-झोंक भी हुई।इधर प्रशासन ने नमाज़ पढ़ने वाले और निर्माण कार्य बाधित करने के लिए विरोध करने वाले 13 छात्रों पर कार्रवाई करते हुए उनको 50 हज़ार का मुचलका भरने के लिए नोटिस दिया है।
हसनगंज पुलिस स्टेशन की चालान रिपोर्ट के आधार पर जारी नोटिस में कहा गया है कि इस तरह की गतिविधि से कैंपस में तनाव उत्पन्न हुआ ।
छात्र संगठनों में टकराव, कैंपस में तनाव-
नोटिस हिंदू -मुस्लिम दोनों ही छात्रों को दिया गया है।एक छात्र ने बताया कि लाल बारादरी का रास्ता निर्माण कार्य के लिए बंद होने के बावजूद कुछ मुस्लिम छात्रों ने रविवार को विरोध करने के लिए उसके सामने नमाज़ पढ़ी और इफ़्तार भी किया।नमाज़ पढ़ने वाले छात्रों को ह्यूमन चेन बनाकर कुछ छात्रों ने सुरक्षा भी दी।उसके बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया।सोमवार को भी यह विवाद जारी रहा और इन छात्रों के समर्थन में एनएसयूआई( NSUI), आईसा( AISA) और समाजवादी छात्रसभा के छात्र पहुँच गए और विरोधी प्रदर्शन किया।छात्रों ने बैरिकेडिंग हटाने की कोशिश की तो हंगामा हो गया।इस बीच नमाज़ पढ़ने वाले छात्रों और उनका साथ देने वाले छात्र संगठनों का विरोध अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद( ABVP) से जुड़े छात्रों ने किया।कहा जा रहा है कि छात्रों ने जय भवानी-जय श्रीराम जैसे नारे लगाए जिससे टकराव की स्थिति आ गई।
इसके बाद मंगलवार को फिर कुछ छात्र बारादरी के सामने पहुंचे।कहा जा रहा है कि कुछ छात्र शुद्धिकरण की बात कहकर गंगाजल लेकर कैंपस पहुंचे। उसके बाद फिर कैंपस में तनाव हो गया। पुलिस से छात्रों की झड़प भी हुई जिसके बाद कुछ छात्रों को हिरासत में भी लिया गया।इससे पहले लखनऊ यूनिवर्सिटी प्रशासन ने इमारत के जर्जर होने और सुरक्षा कारणों से गेट सील करने तथा बैरिकेडिंग करने की बात कहते हुए बयान जारी किया था।

