
भबानीपुर में कन्फर्म हो गया ममता बनर्जी Vs शुभेंदु अधिकारी, तृणमूल की लिस्ट में 'दीदी' का नाम
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ऐलान कर दिया है कि वह खुद भबानीपुर से ही उतरेंगी। इस तरह साफ हो गया है कि पिछली बार नंदीग्राम वाली फाइट भबानीपुर में दोहराई जाएगी।
पश्चिम बंगाल में चुनावी जंग अब सीधे मुकाबले में बदलती दिख रही है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी एक बार फिर से आमने-सामने होंगे और इस बार चुनावी रणभूमि होगी भबानीपुर।
भाजपा ने 144 उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए अपने नेता शुभेंदु अधिकारी को नंदीग्राम के साथ-साथ भबानीपुर से भी मैदान में उतारा है। नंदीग्राम वही सीट है जहां 2021 में शुभेंदु ने ममता बनर्जी को हराया था। जबकि ममता बनर्जी भबानीपुर से जीत गई थीं।
अब ममता बनर्जी ने भी साफ कर दिया है कि वह भबानीपुर से ही चुनाव लड़ेंगी। यानी, नंदीग्राम जैसी हाईवोल्टेज टक्कर अब भबानीपुर में दोहराने की तैयारी है।
ममता बनर्जी ने दावा किया है कि तृणमूल कांग्रेस 226 सीटें जीतकर लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी करेगी। लेकिन इसके साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
ममता ने कहा कि ईद से पहले बड़े पैमाने पर अधिकारियों के तबादले कराए जा रहे हैं, जो माहौल खराब करने की साजिश हो सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई अप्रिय घटना होती है, तो जिम्मेदारी चुनाव आयोग और भाजपा की होगी।
गौरतलब है कि साल 2021 में भाजपा ने 77 सीटें जीतकर बड़ी हलचल मचाई थी, जबकि 2016 में उसके पास सिर्फ 3 सीटें थीं।
इस बार भी भाजपा आक्रामक रणनीति के साथ मैदान में है और आधी सीटों पर उम्मीदवार उतार चुकी है।
साफ है, पश्चिम बंगाल में मुकाबला सिर्फ चुनाव नहीं, बल्कि सीधी राजनीतिक टक्कर बन चुका है।

