ग्रेटर नोएडा में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, सीसीटीवी में वारदात कैद
x

ग्रेटर नोएडा में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, सीसीटीवी में वारदात कैद

ग्रेटर नोएडा के लुक्सर गांव में पुरानी रंजिश में युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या। तीन आरोपी फरार हैं और पुलिस छापेमारी में जुटी हुई है।


Greater Noida के इकोटेक-1 थाना क्षेत्र के लुक्सर गांव में मंगलवार दोपहर दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। तीन हमलावरों ने घर के बाहर खड़े युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। पुलिस के मुताबिक, युवक को सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

CCTV में कैद हुई वारदात

पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिससे पुलिस को जांच में अहम सुराग मिले हैं। सूचना मिलते ही इकोटेक-1 थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एडिशनल डीसीपी सुधीर कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई। बताया जा रहा है कि मृतक नितिन (नाम पुलिस सूत्रों के अनुसार) की गांव के कुछ लोगों से पहले से दुश्मनी चल रही थी। बताया जा रहा है कि वह कुछ समय पहले एक मामले में जेल भी गया था। जेल से बाहर आने के बाद दूसरे पक्ष ने बदला लेने की योजना बनाई। इसी रंजिश के चलते सचिन और उसके साथियों ने कथित तौर पर नितिन को निशाना बनाया।

पुलिस की कार्रवाई जारी

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है।

Read More
Next Story