
Rajasthan Chemical Factory Blast: राजस्थान की केमिकल फैक्ट्री में धमाका, 8 मजदूरों की मौत
भिवाड़ी की एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से 8 मजदूरों की मौत हो गई। प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं और फैक्ट्री में अवैध पटाखा निर्माण की आशंका जताई जा रही है।
Rajasthan Chemical Factory Fire: राजस्थान के भिवाड़ी में एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि करीब 10 मजदूरों के अभी भी अंदर फंसे होने की आशंका है। हादसे के समय फैक्ट्री में 20 से 25 मजदूर काम कर रहे थे। जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 9:30 बजे अचानक फैक्ट्री में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कई मजदूरों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। हालांकि कुछ मजदूर समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे।
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट सुमिता मिश्रा ने बताया कि आग की जानकारी सबसे पहले पुलिस की नियमित गश्त के दौरान मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके को घेरकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका। प्रशासन के अनुसार अब तक सात शव बरामद किए जा चुके थे, बाद में एक और मजदूर की मौत की पुष्टि हुई। बचाव दल बाकी फंसे मजदूरों को निकालने की कोशिश में जुटा है। हादसे के कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। जिला प्रशासन ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। जांच में यह देखा जाएगा कि आग कैसे लगी और सुरक्षा मानकों में कहीं लापरवाही तो नहीं हुई।
एडीएम सुमिता मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार यह फैक्ट्री गारमेंट यूनिट के रूप में लीज पर ली गई थी, लेकिन प्राथमिक जांच में पता चला है कि यहां अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। यदि यह बात सही पाई जाती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटना पर दुख जताया है और जिला प्रशासन को तुरंत राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। जिला कलेक्टर अर्तिका शुक्ला भी अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचीं और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए।
इस दुखद घटना के बाद प्रदेश में सियासत भी तेज हो गई है। राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य की बीजेपी सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद से ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं। डोटासरा ने अजमेर की उस घटना का जिक्र किया, जिसमें केमिकल टैंकर पलटने से 16 लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा जयपुर के एसएमएस अस्पताल की आईसीयू में आग लगने से हुई मौतों का भी हवाला दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं, लेकिन सरकार इस गंभीर मुद्दे को पर्याप्त गंभीरता से नहीं ले रही है।
फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान राहत और बचाव कार्य पर है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के सही कारण और जिम्मेदार लोगों की पहचान हो सकेगी।

