दलित वोट पर बढ़ी दावेदारी, तो सर्वजन में पैठ बढ़ाने की जुगत में मायावती
x
मायावती ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा कर निर्देश दिए

दलित वोट पर बढ़ी दावेदारी, तो सर्वजन में पैठ बढ़ाने की जुगत में मायावती

मायावती ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक में अम्बेडकर जयंती को बड़े स्तर पर मनाने की घोषणा की।साथ ही यह भी संकेत दिया कि बीएसपी चुनाव में आपराधिक छवि वाले लोगों को टिकट नहीं देगी।


Mayawati reviews 2027 poll preparations: बहुजन समाज पार्टी चुनाव से पहले 'सर्वजन हिताय’ के मंत्र को लेकर जनता के बीच जाएगी।बीएसपी अध्यक्ष मायावती ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को न सिर्फ़ चुनावी तैयारियों के लिए जुटने का निर्देश दिया बल्कि सर्व समाज में पार्टी के जनाधार को बढ़ाने के टारगेट की भी समीक्षा की गई।मायावती ने अम्बेडकर जयंती को बड़े स्तर पर मनाने की घोषणा की और अपने कैडर को पूरी तरह से चुनावी तैयारियों में जुटने का निर्देश देते हुए कहा कि जनता महँगाई, बेरोज़गारी और सरकार को उदासीनता से परेशान है और बीएसपी से उम्मीद लगाए है।

आपराधिक छवि वाले नेताओं को टिकट नहीं देगी बीएसपी-

बीएसपी अध्यक्ष मायावती ने मंगलवार को लखनऊ में पार्टी पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक की। पार्टी कार्यालय में यूपी के राज्य स्तरीय पदाधिकारियों और जिला कमेटियों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक में मायावती ने 2027 की चुनावी तैयारियों को लेकर कई अहम निर्देश दिए।मायावती ने पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि वो पूरी तरह से चुनावी तैयारियों में जुट जाएँ।इसके साथ ही बीएसपी की ज़मीन मज़बूत करने के लिए काम करें।बीएसपी अध्यक्ष ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा की।मायावती ने संकेत दिया कि बीएसपी आपराधिक छवि वाले लोगों को चुनाव में टिकट नहीं देगी। बीएसपी के समय बेहतर क़ानून व्यवस्था और अपराधियों पर हुई कार्रवाई को लेकर लोगों को भविष्य में भी जनता को पार्टी से उम्मीदें हैं।

अम्बेडकर जयंती पर होगा बड़ा आयोजन-

मायावती ने बैठक में बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती(14 अप्रैल) को भव्य तरीके से मनाने की घोषणा की।इसके लिए कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने का काम पहले ही शुरू हो गया है।बैठक में निर्देश दिया गया कि अम्बेडकर जयंती पर पूरे प्रदेश में ज़िला स्तर पर कार्यक्रमों के साथ ही लखनऊ में मुख्य समारोह आयोजित किया जाए।इसके लिए पार्टी पदाधिकारियों को क्या तैयारी करनी है और लोगों के बीच जाकर क्या संदेश देना है इसको लेकर भी मायावती ने निर्देश दिए।दरअसल बीएसपी हर साल डॉ भीमराव अम्बेडकर की जयंती मनाती रही है।पर इस बार पार्टी इस मौके को 2027 के चुनावी अभियान का शुभारंभ मानकर ताकत दिखाने का मौका बनाएगी।इसके लिए पदाधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं।मायावती ने निर्देश दिया कि तैयारियों में कोई कमी न रहे।इसके साथ ही सरकार की नीतियों का विरोध और बीएसपी सरकार के दौरान सर्वजन (सभी वर्ग के लोगों) के लिए जो काम किए गए हैं उनको भी बताने का निर्देश दिया।


चुनावी तैयारियों की समीक्षा-

पार्टी के नेशनल कन्वेनर और मायावती के भतीजे आकाश आनंद और पार्टी के वरिष्ठ नेता सतीश चंद्र मिश्रा की मौजूदगी में हुई बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में संगठन को ज़मीनी स्तर पर मजबूत करने, आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। मायावती ने मौजूद नेताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उनको चुनाव के लिए पूरी निष्ठा और मेहनत से काम करने का निर्देश दिया। मायावती ने कहा कि जनता वर्तमान सरकार की उदासीनता से परेशान है और बीएसपी से बड़ी उम्मीद लगाए हुए है।मायावती ने स्पष्ट किया कि महंगाई, बेरोजगारी जैसी बड़ी समस्याओं को लेकर पार्टी चुनाव में जाएगी।

मायावती ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यूपी में रोज़ी रोटी की पहले से ही जो समस्या थी वो विकट रूप धारण कर रही है।जबकि सरकारें ज्यादातर मामलों में अभी भी अपनी जुमलेबाज़ी और खोखले वायदों से ही लोगों को समझाना चाहती है।मायावती ने चुनावी तैयारियों को लेकर भविष्य में टार्गेटेड तरीके से काम करने के निर्देश दिए।बीएसपी ने प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने बताया कि ''बीएसपी ज़मीन पर काम करती है और पूरी तरह से बूथ पर जा कर कार्यकर्ता काम कर रहे हैं।बीएसपी के सामने किसी भी तरह की कोई चुनौती नहीं है और जनता एक बार फिर बीएसपी की सरकार बनाएगी।’’

Read More
Next Story