गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय के भांजे की हत्या, बहन की हालत गंभीर
x

गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय के भांजे की हत्या, बहन की हालत गंभीर

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय के भांजे की हत्या हो गई। गोलीबारी में उनकी बहन भी घायल हैं।


बिहार के नवगछिया में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के दो भांजों के बीच गोलीबारी की घटना सामने आई है, जिसमें एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा भाई और उनकी मां घायल हैं।नवगछिया पुलिस के अनुसार, पानी को लेकर हुए विवाद में दो भाइयों, विश्वजीत और जयजीत यादव के बीच झगड़ा बढ़ते-बढ़ते गोलीबारी तक पहुंच गया। इस फायरिंग में विश्वजीत की मौत हो गई, जबकि जयजीत और उनकी मां हिना देवी घायल हो गईं। दोनों को भागलपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक विश्वजीत और जयजीत केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय के भांजे थे।

क्या है मामला

बताया जा रहा है कि विश्वजीत और जयजीत एक ही मकान में रहते थे और खेती-बाड़ी कर जीवन यापन करते थे। नल के पानी को लेकर शुरू हुए विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों के बीच मारपीट होने लगी। इसके बाद जयजीत ने विश्वजीत पर गोली चला दी। घायल विश्वजीत ने भी जवाबी फायरिंग की, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं, जयजीत गंभीर रूप से घायल हो गया।

भाजपा एमएलसी डॉक्टर एनके यादव के अस्पताल में हिना देवी और जयजीत का इलाज चल रहा है। हिना देवी के हाथ में गोली लगी है। पुलिस ने विश्वजीत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस कार्रवाई और गांव में माहौल

घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमारी मौके पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू कर दी। दोनों घायल मां-बेटे को भागलपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां जयजीत की हालत गंभीर बनी हुई है।फिलहाल, पुलिस इस मामले की तहकीकात कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि झगड़े की असली वजह क्या थी और गोलीबारी में कौन-कौन शामिल था।

इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है। लोग डरे हुए हैं और अपने घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।इस घटना को लेकर अभी तक केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय या उनके परिवार की ओर से कोई बयान नहीं आया है।

Read More
Next Story