दिल्ली की सड़क पर रफ्तार का कहर, मां का आरोप- फन रील ने ली बेटे की जान
x

दिल्ली की सड़क पर रफ्तार का कहर, मां का आरोप- फन रील ने ली बेटे की जान

दिल्ली के द्वारका में तेज रफ्तार नाबालिग ड्राइवर की स्कॉर्पियो से टक्कर में 23 वर्षीय साहिल की मौत हो गई। मां ने इसे स्टंट और लापरवाही का नतीजा बताते हुए न्याय की मांग की है।


मेरा बेटा ही सहारा था। लेकिन रील बनाने वाले ने उसकी जान ले ली। वो क्या करें कुछ समझ में नहीं आ रहा है। दिल्ली पुलिस की तरफ से निष्पक्ष जांच का भरोसा मिला है। लेकिन उसका बेटा तो अब इस दुनिया में नहीं आएगा। आखिर यह पूरी कहानी क्या है। 3 फरवरी को दिल्ली के द्वारका साउथ इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की जिंदगी बदल दी। लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने 23 वर्षीय साहिल धनेश्रा की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक टैक्सी से जा भिड़ी। हादसे में साहिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टैक्सी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सुबह 11:57 बजे दुर्घटना की जानकारी मिली थी। पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। जांच में सामने आया कि स्कॉर्पियो चला रहा युवक 17 वर्षीय नाबालिग था और उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। उसे गिरफ्तार किया गया हालांकि बाद में बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए उसे अंतरिम जमानत दे दी गई।

मृतक साहिल की मां इन्ना माकन ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जिस स्कॉर्पियो से हादसा हुआ उस पर पहले से 13 ओवरस्पीडिंग चालान दर्ज थे। उन्होंने दावा किया कि दुर्घटना के समय आरोपी की बहन गाड़ी में बैठकर रील बना रही थी और वाहन तेज रफ्तार में उल्टी लेन में चलाया जा रहा था। उनके अनुसार, बस के सामने स्टंट करने की कोशिश के दौरान स्कॉर्पियो ने उनके बेटे की मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मारी।


इन्ना माकन ने इस घटना को साधारण सड़क दुर्घटना मानने से इनकार किया है। उनका कहना है कि यह आपराधिक लापरवाही का मामला है। कुछ बच्चे सोचते हैं कि वे सड़क पर कुछ भी कर सकते हैं। मेरे बेटे की जान उनकी फन रील की वजह से गई।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है, लेकिन वह अपने बेटे के लिए न्याय चाहती हैं। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में उन्होंने लिखा कि उन्होंने साहिल को एकल माता के रूप में 23 साल तक पाला-पोसा, लेकिन एक लापरवाह स्टंट ने उनका सब कुछ छीन लिया।

Read More
Next Story