
Assam Election 2026: BJP ने 88 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट की जारी, जानिए कहां से चुनाव लड़ेंगे CM हिमंत बिस्वा सरमा?
भारतीय जनता पार्टी ने असम विधानसभा चुनाव के लिए 88 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। खास बात यह है कि पार्टी ने हाल ही में कांग्रेस छोड़कर आए प्रद्युत बोरदोलोई (दिसपुर) और भूपेन कुमार बोरा (बिहपुरिया) को भी टिकट दिया है।
असम में चुनावी बिगुल बज चुका है और भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी पहली रणनीतिक चाल चलते हुए 88 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। गुरुवार को जारी इस सूची में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का नाम सबसे ऊपर है, जो अपनी पारंपरिक सीट जालुकबारी से एक बार फिर चुनाव लड़ेंगे। यह सूची केवल उम्मीदवारों के नाम नहीं, बल्कि असम में बीजेपी की बदलती राजनीतिक दिशा और कांग्रेस में मची सेंधमारी की कहानी भी बयां कर रही है।
दलबदलुओं पर बड़ा भरोसा
बीजेपी की इस पहली सूची में सबसे चौंकाने वाला और महत्वपूर्ण पहलू 'दलबदलुओं' को दी गई तरजीह है। पार्टी ने हाल ही में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थामने वाले दिग्गज नेताओं को महत्वपूर्ण सीटों से मैदान में उतारा है। पूर्व कांग्रेस नेता प्रद्युत बोरदोलोई को हाई-प्रोफाइल दिसपुर विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है। बोरदोलोई ने बुधवार को ही मुख्यमंत्री सरमा की मौजूदगी में पार्टी ज्वाइन की थी और 24 घंटे के भीतर उन्हें टिकट मिल गया।
इसी तरह, कांग्रेस के एक और कद्दावर पूर्व नेता भूपेन कुमार बोरा, जिन्होंने हाल ही में हाथ का साथ छोड़कर 'कमल' थामा है, उन्हें बिहपुरिया सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। यह साफ दर्शाता है कि बीजेपी असम में कांग्रेस के वोट बैंक को पूरी तरह से ध्वस्त करने की रणनीति पर काम कर रही है।
महिलाओं की भागीदारी और प्रमुख चेहरे
बीजेपी ने अपनी पहली लिस्ट में महिला शक्ति को भी प्राथमिकता दी है। सूची के अनुसार, माधवी दास बीरसिंग-जरुआ (Birsing-Jarua) सीट से अपनी किस्मत आजमाएंगी। ज्योत्सना कलिता को चमारिया (Chamaria) सीट से मैदान में उतारा गया है। नीलिमा देवी मंगलदोई (Mangaldai) सीट से चुनाव लड़ेंगी। पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि इन महिला उम्मीदवारों के जरिए वे राज्य की आधी आबादी का भरोसा जीतने में सफल रहेंगे।
दिल्ली में महामंथन के बाद तय हुए नाम
इन 88 नामों को फाइनल करने के लिए दिल्ली में बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की एक लंबी बैठक चली। बुधवार शाम को हुई इस हाई-प्रोफाइल बैठक की अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने की। इस बैठक की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी चुनाव समिति के अन्य वरिष्ठ सदस्य मौजूद थे। असम बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया भी इस मंथन का हिस्सा रहे। बैठक में जमीनी फीडबैक और जीत की संभावनाओं को आधार बनाकर ही इन नामों पर मुहर लगाई गई है।
असम का राजनीतिक समीकरण
असम में बीजेपी की कोशिश अपनी सत्ता बरकरार रखने की है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की लोकप्रियता और केंद्र सरकार की योजनाओं के दम पर पार्टी आत्मविश्वास से भरी है। कांग्रेस से आए नेताओं को टिकट देना एक 'जोखिम भरा' लेकिन 'साहसिक' कदम माना जा रहा है। बीजेपी का मानना है कि कांग्रेस के मजबूत चेहरों के आने से विपक्षी खेमा कमजोर होगा और 'ऑपरेशन कमल' असम में एक बार फिर बड़ी जीत सुनिश्चित करेगा। जालुकबारी सीट से हिमंत बिस्वा सरमा की उम्मीदवारी ने कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया है। अब देखना यह होगा कि कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन बीजेपी के इस वार का पलटवार किस तरह करते हैं।

