
विधायक ने रोका मंत्री का क़ाफ़िला, सड़क-पानी को लेकर विधायक समर्थकों का फूटा गुस्सा
महोबा में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के काफिले को बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत ने रोक लिया।विधायक समर्थकों ने मंत्री के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी की तो मंत्री के स्टाफ और पुलिस से उनकी झड़प हो गई।
यूपी में पानी और सड़क को लेकर मंत्री और विधायक में ही टकराव हो गया।महोबा के दौरे पर गए मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह का काफ़िला विधायक बृजभूषण राजपूत ने रोक लिया और दोनों में तीखी बहस हुई।वहाँ मौजूद पुलिस ने जब विधायक के नाराज़ समर्थकों को रोकने की कोशिश की तो धक्का मुक्की हो गई।बाद में डीएम कार्यालय में बैठकर मंत्री और विधायक के बीच बातचीत हुई।
विधायक ने समर्थकों के साथ रोका मंत्री का क़ाफ़िला-
उत्तर प्रदेश में अधिकारियों के साथ जन प्रतिनिधियों का टकराव को अक्सर देखने को मिलता है पर शुक्रवार को मंत्री और बीजेपी विधायक ही वापस में उलझ गए।महोबा जिले में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब चरखारी से बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत ने कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला रोक दिया।विधायक अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे और सिंचाई और जल शक्ति मंत्री से उनके विभाग के कामकाज और जल आपूर्ति को लेकर शिकायत करने लगे। विधायक और उनके समर्थकों का कहना था कि महोबा में कई गाँव में जल आपूर्ति की समस्या है और पाइप लाइन के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत न हो होने से स्थिति बदहाल है।बात करते हुए चरखारी विधायक उग्र हो गए।मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने अपने विभाग के कामकाज को लेकर समझाने की कोशिश की तो विधायक के समर्थकों का हिस्सा फूट पड़ा।
विधायक समर्थकों ने नारेबाजी की तो मंत्री के स्टाफ और मौजूद पुलिस ने उनको रोकने की कोशिश की जिससे धक्कामुक्की हो गई।यह घटना मंत्री के एक कार्यक्रम से लौटते समय हुई जिसमें दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और झड़प तक हो गई।मंत्री और विधायक को गाड़ी में बैठाकर बात करना पड़ा जबकि समर्थक नारेबाजी करने लगे।विवाद बढ़ता देख कर मंत्री विधायक को साथ लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और बैठकर विधायक के साथ बातचीत की।महोबा पुलिस ने भी इस बारे में प्रेसनोट जारी करते हुए कहा है सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री स्वतंत्र देव के जनपद महोबा भ्रमण के दौरान चरखारी विधानसभा क्षेत्र से विधायक बृजभूषण राजपूत द्वारा अपने समर्थकों एवं ग्राम प्रधानों के साथ हर घर नल जल योजना से संबंधित कुछ स्थानीय समस्याओं को लेकर विरोध व्यक्त किया गया। मौके पर उपस्थित क्षेत्राधिकारी एवं प्रभारी निरीक्षक द्वारा स्थिति को नियंत्रित करते हुए मंत्री को सकुशल उनके अग्रिम कार्यक्रम स्थल के लिए पर्याप्त पुलिस बल के साथ ले जाया गया।’
जनता के काम के लिए किसी का भी घेराव करेंगे : बृजभूषण
दरअसल मंत्री स्वतंत्र देव सिंह महोबा में पार्टी के एक कार्यक्रम में पहुंचे थे।ऐसे में विधायक बृजभूषण राजपूत अपने समर्थकों और ग्राम प्रधानों के साथ उनके पास पहुंचे और शिकायत की।विधायक ने मंत्री से मांग की कि वे तुरंत प्रभावित गांवों में चलें और स्थिति खुद देखें। मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि वे 20 दिन बाद अलग से इस मुद्दे के लिए दौरा करेंगे और गड़बड़ी पाए जाने पर अफसरों पर सख्त कार्रवाई करेंगे।मंत्री के चले जाने के बाद विधायक और समर्थकों ने बताया की कई गांव में पानी की बहुत ज़्यादा किल्लत है।कई जगह पाइपलाइन के लिए सड़कें खुदी हुई हैं पर काम नहीं हुआ है।इसलिए ग्राम प्रधान और स्थानीय लोगों में भारी नाराज़गी है।मंत्री और विधायक के बीच इस गर्मागर्मी से सियासी हलचल बढ़ गई है। विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने कहा 'नमामि गंगे की योजना 6 साल से चल रही, लेकिन काम पूरे नहीं हुए।गांवों में सड़कें खुदी पड़ी हैं। पाइप लाइन-टंकियां लीकेज हैं।मंत्री ने 20 दिन मांगे हैं।जनता के लिए किसी का घेराव करना पड़े तो करेंगे।’

