
मुंबई में लगातार तीसरे दिन भारी बारिश, मुंबई और आसपास के जिलों के लिए रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने मुंबई के साथ-साथ पड़ोसी जिले ठाणे और रायगढ़ में भी रेड अलर्ट जारी किया है। यहां कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ इलाकों में अति-भारी वर्षा की संभावना है।
मुंबई में सोमवार को 6 से 8 घंटे के भीतर 177 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सोमवार को लगातार तीसरे दिन भारी बारिश हुई, जिसके कारण कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी। शहर के कुछ हिस्सों में हुई तेज बारिश से विजिबिलिटी कम हो गई और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
सोमवार को रातभर की भारी बारिश के बाद सुबह 9 बजे से बारिश की रफ्तार और बढ़ गई। 9 बजे से 10 बजे के बीच केवल एक घंटे में दक्षिण मुंबई में 37 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 39 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 29 मिमी बारिश दर्ज की गई। पूर्वी उपनगर के चेंबूर इलाके में एक घंटे में सबसे ज्यादा 65 मिमी बारिश हुई, जबकि शिवाजी नगर में 50 मिमी दर्ज हुई।
लगातार बारिश
मुंबई में कई सड़कें पानी में डूब गईं। अंधेरी सबवे और लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स जैसे इलाकों में पानी भरने से यातायात बाधित हुआ। लोकल ट्रेनें 15–20 मिनट की देरी से चल रही थीं।
सोमवार सुबह 8 बजे तक 24 घंटे में दक्षिण मुंबई में औसतन 54.58 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 72.61 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 65.86 मिमी बारिश दर्ज की गई। कई इलाकों में 24 घंटे के भीतर 100 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है, क्योंकि पूरे दिन बारिश जारी रहने के साथ ही समुद्र में ऊँची लहरों की संभावना भी जताई गई है।
स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी
बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने सोमवार को दोपहर 12 बजे के बाद शुरू होने वाली सभी स्कूलों और कॉलेजों की कक्षाओं में छुट्टी घोषित कर दी। मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई और उपनगरों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि रात तक बहुत भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी है। तापमान 24°C से 27°C के बीच रहने की उम्मीद है।
यातायात पर असर
भारी बारिश के बाद कई सड़कों पर पानी भर गया। अंधेरी सबवे और लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स जैसे निचले इलाकों में जगह-जगह पानी जमा हो गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली उपनगरीय लोकल ट्रेनें 15–20 मिनट की देरी से चल रही थीं, ऐसा अधिकारियों और यात्रियों ने बताया। हालांकि, बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) की बस सेवाएं बिना किसी बाधा के जारी रहीं।