
मुंबई में मूसलाधार बारिश का कहर: अंडरग्राउंड मेट्रो में भरा पानी, लोकल पर असर
मुंबई में भारी बारिश का 107 साल का रिकॉर्ड टूटा है। मई महीने में सबसे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून 16 दिन पहले ही पहुंच गया है।
मुंबई में सोमवार सुबह से लगातार तेज बारिश हो रही है, जिसने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। हाल ही में जिस वर्ली अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन किया गया था, वहां पानी भर गया है। इस स्टेशन का उद्घाटन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 1 मई को किया था।
लोकल सेवाएं बाधित, हजारों लोग फंसे
बारिश के कारण हार्बर और सेंट्रल लाइन की लोकल ट्रेनें प्रभावित हुई हैं, जिससे हजारों लोग फंसे हुए हैं। कई इलाकों में 7-8 किमी तक लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। तेज बारिश के साथ 70–80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलीं, जिससे कई पेड़ गिर गए।
अंडरग्राउंड स्टेशन से लेकर मंत्रालय तक जलजमाव
मीडिया रिपोर्ट्स बता रही हैं कि वर्ली मेट्रो स्टेशन में पानी भर गया। मस्जिद स्टेशन के ट्रैक पानी में डूब गए। नरीमन पॉइंट पर सुबह 6 से 7 बजे के बीच 40 मिमी बारिश हुई। ताड़देव, मंत्रालय परिसर, चेंबूर, मालवणी सहित कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया।
मुंबई में मई में सबसे ज्यादा बारिश
भारी बारिश के कारण मुंबई में पिछले 107 वर्षों का रिकॉर्ड टूट गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, कोलाबा वेधशाला में इस महीने की अब तक की सबसे अधिक बारिश 295 मिमी दर्ज की गई, जो कि मई में अब तक की सबसे अधिक है। इससे पहले मई 1918 में 279.4 मिमी बारिश का रिकॉर्ड था।
पश्चिमी दक्षिण-पश्चिम मानसून ने सोमवार (26 मई) को मुंबई में दस्तक दे दी, जो कि सामान्य तिथि से 16 दिन पहले है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अधिकारियों ने बताया कि देश की वित्तीय राजधानी में यह पिछले 75 वर्षों में सबसे जल्दी मानसून का आगमन है।
ट्रैफिक पर असर
घने बादलों के कारण विजिबिलिटी कम हो गई है, जिससे 8 फ्लाइट्स प्रभावित हुई हैं। शहर की सड़कों पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर ड्राइव करना पड़ रहा है।
पुणे में भी मुश्किल
पुणे के पाटस इलाके में बादल फटने की घटना हुई है, जिससे बारामती और इंदापुर में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। पुणे-सोलापुर हाईवे पर सड़कें जलमग्न हो गई हैं, 200 से अधिक घरों में पानी घुस गया और कई गाड़ियाँ बह गईं। NDRF की दो टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।
मौसम विभाग का यलो अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, पालघर सहित आसपास के जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है और बताया है कि हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।
मौसम विभाग ने कहा, "दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आज, 26 मई 2025 को मुंबई में दस्तक दे दी है, जबकि इसकी सामान्य तिथि 11 जून है। यानी मानसून 16 दिन पहले पहुंचा है। यह 2001 से 2025 की अवधि के दौरान मुंबई में मानसून का सबसे जल्दी आगमन है।"
IMD की वैज्ञानिक सुषमा नायर ने बताया कि यह पिछले 75 वर्षों में मुंबई में मानसून का सबसे जल्दी आगमन है। आमतौर पर मानसून 11 जून को आता है, लेकिन इससे पहले यह 1956, 1962 और 1971 में 29 मई को पहुंचा था।