नागपुर हिंसा के मुख्य आरोपी के घर पर चला बुलडोजर,फहीम खान का घर गिराया
x

नागपुर हिंसा के मुख्य आरोपी के घर पर चला बुलडोजर,फहीम खान का घर गिराया

अल्पसंख्यक लोकतांत्रिक पार्टी (MDP) के नगर नेता फ़हीम खान को 19 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद, नागपुर नगर निगम ने उसके घर को ध्वस्त कर दिया।


नागपुर में हुई सांप्रदायिक हिंसा के मुख्य आरोपी फहीम खान के घर को सोमवार को प्रशासन ने पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया है। फहीम खान को राजद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

नागपुर नगर निगम (NMC) ने संजयबाग कॉलोनी में स्थित फहीम खान के घर के कुछ अवैध हिस्सों को लेकर नोटिस जारी किया था।

क्या है मामला?

फ़हीम शमीम खान अल्पसंख्यक लोकतांत्रिक पार्टी (MDP) का नेता है। फहीम खान को 19 मार्च को नागपुर में हुई सांप्रदायिक हिंसा के मामले में गिरफ्तार किया गया था। यह हिंसा तब भड़की जब कुछ हिंदूवादी संगठनों ने मुगल सम्राट औरंगजेब की कब्र को गिराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था।

आरोप है कि फ़हीम खान ने एक विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया, जो बाद में हिंसा में बदल गया।

अवैध निर्माण का मामला

सरकारी अधिकारियों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि फ़हीम खान के घर में अवैध निर्माण लगभग 1,000 वर्ग फुट तक था। उन्होंने बताया कि नागपुर पुलिस से मिले एक पत्र के बाद कार्रवाई की गई, साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश भी थे।

कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों को मौके पर तैनात किया गया था।

नगर निगम का नोटिस

नागपुर नगर निगम ने पहले जो नोटिस जारी किया था, उसके मुताबिक खान के घर के केवल दो अवैध हिस्सों, भूतल पर 43.24 वर्ग मीटर और पहली मंजिल पर 43.24 वर्ग मीटर को गिराने का आदेश था। हालांकि, प्रशासन ने पूरे मकान को ध्वस्त कर दिया।

किसके नाम पर था घर?

सरकारी अधिकारियों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि फहीम खान के घऱ में अवैध निर्माण मेहरुन्निसा शमीम खान के नाम पर था, जिसका ब्लूप्रिंट मंज़ूर नहीं किया गया था।

उन्होंने कहा कि परिवार को 24 घंटे के भीतर कार्रवाई की चेतावनी देते हुए नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद, JCB और पोकलेन मशीन की मदद से घर को गिराया गया। परिवार के सदस्य पहले ही घर खाली कर चुके थे और कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद नहीं थे।

Read More
Next Story