असम चुनाव से पहले बिहार जैसा फॉर्मूला, 40 लाख महिलाओं के खाते में 9-9 हजार रुपये ट्रांसफर करेगी असम सरकार
x
जन आशीर्वाद यात्रा पर निकले सीएम हिमंता बिश्वा सरमा को किसी ने उनका पोट्रेट भेंट किया

असम चुनाव से पहले बिहार जैसा फॉर्मूला, 40 लाख महिलाओं के खाते में 9-9 हजार रुपये ट्रांसफर करेगी असम सरकार

असम के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के हिमंता बिस्वा सरमा सरकार ने एक बड़ा दांव चला है। सरकार 10 मार्च को 40 लाख महिलाओं के खाते में पैसे ट्रांसफर करने वाली है।


क्या बिहार चुनाव का जिताऊ फॉर्मूला असम में भी चलेगा? कम से कम बीजेपी की हिमंता बिस्वा सरमा सरकार तो ऐसा ही मान रही है। जिसने राज्य की 40 लाख महिलाओं के खाते में 9-9 हजार रुपये ट्रांसफर करने की घोषणा है। ये पैसा महिलाओं के अकाउंट में 10 मार्च को डाला जाएगा। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर कहा कि ये पैसा राज्य की ‘ओरुनोदई’ योजना की लाभार्थी 40 लाख महिलाओं दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि चार महीने की सहायता राशि और अतिरिक्त रकम को मिलाकर यह भुगतान मंगलवार को किया जाएगा। इसके तहत एक ही दिन में कुल 3,600 करोड़ रुपये महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर किए जाएंगे, जिसे उन्होंने किसी सरकारी योजना के तहत एक दिन में होने वाला रिकॉर्ड भुगतान बताया।

मुख्यमंत्री ने फेसबुक लाइव में कहा, “10 मार्च को सुबह 10:30 बजे 40 लाख ओरुनोदई परिवारों को 9,000-9,000 रुपये मिलेंगे।”

‘ओरुनोदई’ योजना क्या है?

ओरुनोदई स्कीम असम सरकार की प्रमुख गरीबी उन्मूलन योजना है, जिसके तहत पात्र महिला लाभार्थियों को हर महीने 1,250 रुपये दिए जाते हैं।

यह बड़ा भुगतान ऐसे समय में किया जा रहा है जब राज्य में विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू हो चुकी है और भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने की कोशिश करेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस मौके पर पूरे राज्य में स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और लाभार्थी परिवारों को इनमें शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की ताकत लोगों का समर्थन ही है।

सरमा ने दावा किया, “एक ही दिन में 3,600 करोड़ रुपये लाभार्थियों को ट्रांसफर किए जाएंगे, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड होगा।” उन्होंने पहले घोषणा की थी कि जनवरी से चार महीने की राशि और असमिया नववर्ष के प्रतीक बोहाग बिहू के उत्सव के लिए अतिरिक्त सहायता मार्च में एक साथ दी जाएगी।

महिलाओं के विकास पर जोर देते हुए सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि असम के विकास की कहानी में महिला सशक्तिकरण केंद्र में रहा है। वित्तीय सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में सरकार की पहल से लाखों महिलाएं आत्मविश्वास और स्वतंत्रता के साथ आगे बढ़ रही हैं।

उन्होंने लिखा, “आज हम असम की नारी शक्ति की ताकत और आत्मा का जश्न मना रहे हैं।”

आगामी चुनावों के लिए समर्थन मांगते हुए उन्होंने कहा, “एक सही वोट हर घर की आवाज बदल सकता है। @BJP4Assam का फोकस हमेशा असम की नारी शक्ति को सशक्त बनाना रहा है और हमारे हर कदम में यह विश्वास झलकता है।”

मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से महिलाओं के जीवन में बड़े बदलाव आए हैं। राज्य में 59 लाख से अधिक घरों को नल से जल कनेक्शन और 51 लाख से ज्यादा उज्ज्वला गैस कनेक्शन दिए गए हैं, जिससे धुएं से मुक्त रसोई संभव हो सकी है।

इसके अलावा राज्य में 5.5 लाख से ज्यादा ‘लखपति दीदी’ तैयार की गई हैं, 900 से अधिक महिला-नेतृत्व वाले स्टार्टअप शुरू हुए हैं और 56,000 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा, “महिला दिवस पर हम असम की अटूट नारी शक्ति का जश्न मना रहे हैं, जो भविष्य सुरक्षित कर रही है, उद्यम चला रही है और विकसित असम के निर्माण में योगदान दे रही है।”


Read More
Next Story