Peera Garhi Triple Death Case में बाबा की एंट्री से आया नया मोड़, महिला ने की थी दो-दो शादी!
x

Peera Garhi Triple Death Case में 'बाबा' की एंट्री से आया नया मोड़, महिला ने की थी दो-दो शादी!

पीरागढ़ी इलाके में कार के अंदर तीन लोगों की मौत के मामले में जांच के दौरान एक कथित बाबा की भूमिका सामने आई है। पुलिस के मुताबिक तीनों मृतक एक दूसरे को लंबे समय से जानतेे थे।


Peeragarhi Car Deaths: दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में रविवार को एक कार के अंदर तीन लोगों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। इस मामले में अब पुलिस ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली से एक कथित तांत्रिक बाबा को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी खुद को तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ से जुड़ा व्यक्ति बताता है। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है और सूत्रों का कहना है कि जल्द ही इस मामले में कोई बड़ा खुलासा हो सकता है। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान रंधीर, शिव नरेश और लक्ष्मी के रूप में हुई है। तीनों को रविवार सुबह करीब 10:30 बजे पीरागढ़ी इलाके में आखिरी बार साथ देखा गया था। इसके बाद वे रिंग रोड होते हुए उत्तर-पूर्वी दिल्ली गए, जहां उनकी मुलाकात इस बाबा से हुई बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि तीनों मृतक एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे। रंधीर और शिव नरेश रियल एस्टेट के कारोबार से जुड़े हुए थे, जबकि लक्ष्मी होम केयर सर्विस में काम करती थीं और बुजुर्ग लोगों को मेडिकल सहायता देती थीं।

आखिर क्या था सॉफ्ट ड्रिंक में?

शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा था। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि तीनों ने ज़हर मिलाकर सॉफ्ट ड्रिंक पी ली थी। हालांकि, अब पुलिस इस केस को सिर्फ आत्महत्या मानकर नहीं चल रही है और अन्य संभावनाओं की भी जांच कर रही है, खासकर उस व्यक्ति की भूमिका की, जो खुद को तांत्रिक बता रहा है। पुलिस को शवों के पास से तीन शराब की बोतलें और तीन इस्तेमाल किए हुए डिस्पोज़ेबल गिलास मिले हैं। इसके अलावा, शिव नरेश और लक्ष्मी के चेहरे पर उल्टी के निशान भी पाए गए हैं, जिससे ज़हर दिए जाने की आशंका और गहरी हो गई है।

लक्ष्मी की दो बार हो चुकी थी शादी

जांच में सामने आया है कि तीनों मृतक नियमित रूप से एक-दूसरे के संपर्क में रहते थे। पुलिस ने बताया कि लक्ष्मी की शादी दो बार हो चुकी थी। उनका एक पति बिहार में रहता है, जबकि वे दिल्ली में अपने दूसरे पति के साथ रहती थीं। हालांकि, फिलहाल किसी भी पारिवारिक विवाद या दुश्मनी की ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों रविवार सुबह पीरागढ़ी से निकले थे और करीब तीन बजे दोपहर में फिर उसी इलाके में लौटे, जहां बाद में उनकी कार में शव मिले।

पुलिस ने विसरा सैंपल रखा सुरक्षित

अब तक रंधीर और शिव नरेश का पोस्टमॉर्टम पूरा हो चुका है, जबकि लक्ष्मी का पोस्टमॉर्टम अभी किया जाना बाकी है। दोनों पुरुषों के विसरा सैंपल सुरक्षित रख लिए गए हैं, जिन्हें केमिकल जांच के लिए भेजा जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने कोई जहरीला पदार्थ लिया था या नहीं। लक्ष्मी का विसरा भी सुरक्षित रखा जाएगा। पुलिस ने बताया कि किसी भी शव पर बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे मारपीट या जबरन हत्या की संभावना फिलहाल कम लग रही है, लेकिन पूरी सच्चाई पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।

फिलहाल दिल्ली पुलिस तांत्रिक बाबा से लगातार पूछताछ कर रही है और उसके बयानों को अन्य सबूतों से मिलाया जा रहा है। साथ ही, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि तीनों किस रास्ते से गए, कहां रुके और दिनभर उनकी गतिविधियां क्या रहीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में हर एंगल से जांच की जा रही है। चाहे वह आत्महत्या हो, धोखाधड़ी हो या किसी तरह की साजिश। आने वाले दिनों में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और केमिकल जांच के नतीजों के बाद इस रहस्यमयी मामले से पर्दा उठने की उम्मीद है।

Read More
Next Story