नागपुर ब्लास्ट: PM मोदी और CM फडणवीस ने की मुआवजे की घोषणा, जांच शुरू
x

नागपुर ब्लास्ट: PM मोदी और CM फडणवीस ने की मुआवजे की घोषणा, जांच शुरू

नागपुर की विस्फोटक फैक्ट्री में हुए धमाके पर प्रधानमंत्री मोदी ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये सहायता देने का एलान किया है।


Click the Play button to hear this message in audio format

Blast In Factory : महाराष्ट्र में नागपुर के काटोल तहसील के राउलगांव स्थित 'एसबीएल एनर्जी लिमिटेड' की फैक्ट्री में हुए जबरदस्त विस्फोट में अब तक 18 लोगों की जान जा चुकी है। इस दुर्घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुःख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस घटना को "बेहद दुखद" बताया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये देने की घोषणा की है। वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के परिवार को 5 लाख रुपये देने का एलान किया है। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि संबंधित कंपनी भी प्रभावित परिवारों को वित्तीय सहायता प्रदान करेगी।


प्रशासनिक मुस्तैदी और राहत कार्य
घटना की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक तुरंत मौके पर पहुंचे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि वह लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं। राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया है। साथ ही, पेट्रोलियम और विस्फोटक सुरक्षा संगठन (PESO) की एक विशेष टीम भी घटनास्थल पर जांच के लिए पहुंच चुकी है। 18 घायल श्रमिकों को इलाज के लिए नागपुर स्थानांतरित किया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।

नितिन गडकरी और बावनकुले ने जताया शोक
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। नागपुर के पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। उन्होंने साफ लहजे में चेतावनी दी कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन अब फैक्ट्री के सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच कर रहा है।

विपक्ष ने उठाए सुरक्षा ऑडिट पर सवाल
हादसे के बाद विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार ने प्रभावित परिवारों के लिए और अधिक वित्तीय सहायता की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कंपनी का नियमित सुरक्षा ऑडिट किया गया था? वडेट्टीवार ने बार-बार होने वाले औद्योगिक हादसों के लिए जवाबदेही तय करने की मांग की। पूर्व गृह मंत्री और एनसीपी (एसपी) नेता अनिल देशमुख ने भी इस मामले में संभावित खामियों की जांच करने और दोषियों को सजा देने की अपील की है।

हादसे के कारणों की गहन जांच
प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, धमाका फैक्ट्री के संवेदनशील हिस्से में हुआ जहाँ विस्फोटक सामग्री तैयार की जा रही थी। हालांकि, विस्फोट का सटीक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। मुख्यमंत्री द्वारा आदेशित विस्तृत जांच में फैक्ट्री के भीतर सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन की समीक्षा की जाएगी। विशेषज्ञों की टीम मलबे के नमूनों और तकनीकी डेटा का विश्लेषण कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर खतरनाक उद्योगों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा को लेकर एक बड़ी बहस छेड़ दी है।


Read More
Next Story