
Pappu Yadav Arrest: सांसद पप्पू यादव गिरफ्तार, जानें- क्या है 31 साल पुराना मामला
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को पटना पुलिस ने 31 साल पुराने एक मामले में शुक्रवार देर रात गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी से पहले उनके आवास पर समर्थकों ने जमकर हंगामा किया।
Pappu Yadav Arrest: बिहार की पूर्णिया लोकसभा सीट से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को पटना पुलिस ने शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी एक 31 साल पुराने मामले में की गई है। गिरफ्तारी से पहले पटना के मंदिरी स्थित उनके आवास पर कई घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। इस दौरान पुलिस और सांसद के समर्थकों के बीच नोंकझोंक भी हुई। जानकारी के अनुसार, पटना के स्पेशल एमपी-एमएलए कोर्ट ने 31 साल पुराने एक मामले में पप्पू यादव के खिलाफ गिरफ्तारी और कुर्की का वारंट जारी किया था। इसी वारंट को लागू करने के लिए शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे पटना पुलिस की टीम उनके आवास पर पहुंची।
पप्पू यादव के समर्थकों ने जमकर किया हंगामा
पुलिस के पहुंचते ही पप्पू यादव ने गिरफ्तारी का विरोध किया और अपने स्वास्थ्य का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है, उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही है और नियमित रूप से दवाइयां लेनी पड़ती हैं। उन्होंने पुलिस से आग्रह किया कि उन्हें हाउस अरेस्ट में रखा जाए और शनिवार को कोर्ट में पेश होने दिया जाए। पप्पू यादव ने अपनी मेडिकल रिपोर्ट भी सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह को दिखाई। इस पर सिटी एसपी ने कहा कि गिरफ्तारी के बाद उनका मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा और कानून के अनुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
करीब डेढ़ घंटे तक उनके आवास पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। इस दौरान बड़ी संख्या में पप्पू यादव के समर्थक वहां जुट गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। समर्थकों ने गिरफ्तारी का विरोध करते हुए पुलिस वाहन के सामने लेटकर रास्ता रोकने की कोशिश भी की। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पप्पू यादव को अस्पताल ले गई पुलिस
आखिरकार आधी रात करीब 12 बजे पप्पू यादव ने खुद गिरफ्तारी देने पर सहमति जताई। इसके बाद पुलिस उन्हें समर्थकों की भीड़ के बीच से निकालकर मेडिकल जांच के लिए आईजीआईएमएस (IGIMS) लेकर गई। रात करीब 12:45 बजे आईजीआईएमएस में पप्पू यादव का मेडिकल परीक्षण किया गया। डॉक्टरों ने उनका एक्स-रे और ईसीजी किया। फिलहाल पप्पू यादव को अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ही रखा गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
क्यों गिरफ्तार हुए पप्पू यादव?
Pappu Yadav Arrestसिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि यह पुलिस का अधिकार है कि आरोपी को किस थाने में रखा जाए। उन्होंने कहा कि पप्पू यादव को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा, क्योंकि यह एक कानूनी प्रक्रिया है। जिस मामले में पप्पू यादव को गिरफ्तार किया गया है, वह साल 1995 का है। उस समय पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में विनोद बिहारी लाल नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पप्पू यादव और उनके सहयोगियों ने धोखाधड़ी करके उनका मकान किराए पर लिया था।
शिकायतकर्ता का कहना था कि मकान किराए पर लेते समय कई अहम बातें छिपाई गई थीं और बाद में उस मकान का गलत तरीके से इस्तेमाल किया गया। यह मामला पिछले तीन दशकों से कोर्ट में चल रहा है। कोर्ट ने इस मामले में पप्पू यादव को कई बार पेश होने का आदेश दिया था, लेकिन उनके पेश नहीं होने के कारण अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए गिरफ्तारी और कुर्की का वारंट जारी कर दिया। अब इस हाई प्रोफाइल मामले में कोर्ट की सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

