
'उसने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी…' प्रतीक यादव का फूटा दर्द, अपर्णा पर गंभीर आरोप; तलाक तक पहुंचा मामला
Aparna Yadav controversy: प्रतीक यादव ने इंस्टाग्राम पर “A Family Destroyer” लिखते हुए एक पोस्ट डाली, जिसमें अपर्णा यादव की एक तस्वीर भी शेयर की गई है। इसमें अपर्णा यादव भाजपा का पटका पहने नजर आ रही हैं।
Prateek Yadav divorce: कभी राजनीतिक मंचों और पारिवारिक आयोजनों में साथ दिखाई देने वाला यादव परिवार अब एक तूफानी दौर से गुजर रहा है। अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया पर ऐसा पोस्ट किया है, जिसने न सिर्फ उनके वैवाहिक रिश्ते, बल्कि सियासी गलियारों में भी हलचल मचा दी है। तलाक के संकेत, गंभीर आरोप और सार्वजनिक बयान, इस पूरे मामले ने सबको चौंका दिया है। प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया के जरिए यह मैसेज दिया है कि वह अपर्णा यादव से तलाक लेने जा रहे हैं।
इंस्टाग्राम पोस्ट से मचा हड़कंप
प्रतीक यादव ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट 'iamprateekyadav' पर एक पोस्ट शेयर की। इसमें उन्होंने अपनी पत्नी को लेकर बेहद गंभीर आरोप लगाए। प्रतीक ने लिखा कि वह एक “स्वार्थी महिला” से अलग होना चाहते हैं। उनका कहना है कि इस रिश्ते की वजह से उनका परिवार बर्बाद हो गया और उनकी मानसिक स्थिति पर भी बुरा असर पड़ा है।
परिवारिक रिश्तों को नुकसान पहुंचाने का आरोप
प्रतीक यादव का आरोप है कि शादी के बाद से ही पारिवारिक रिश्तों में लगातार तनाव बढ़ता गया। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी का व्यवहार परिवार के प्रति संवेदनहीन रहा, जिससे न सिर्फ पारिवारिक संबंध खराब हुए, बल्कि उनका निजी और सामाजिक जीवन भी प्रभावित हुआ।
‘A Family Destroyer’ लिखकर शेयर की तस्वीर
प्रतीक यादव ने इंस्टाग्राम पर “A Family Destroyer” लिखते हुए एक पोस्ट डाली, जिसमें अपर्णा यादव की एक तस्वीर भी शेयर की गई है। इस तस्वीर में अपर्णा यादव भाजपा का पटका पहने नजर आ रही हैं। इस पोस्ट के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
हाल ही में साथ दिखे थे दोनों
गौर करने वाली बात यह है कि कुछ महीने पहले सैफई में आयोजित अखिलेश यादव के चचेरे भाई की शादी में प्रतीक और अपर्णा यादव दोनों साथ में आशीर्वाद देने पहुंचे थे। इसके अलावा 4 दिसंबर 2025 को अपर्णा यादव के जन्मदिन पर भी दोनों साथ दिखे थे।
2012 में हुई थी शादी
प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की शादी साल 2012 में हुई थी। दोनों की दो बेटियां हैं। उनकी शादी काफी चर्चा में रही थी, जिसमें समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के साथ-साथ बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन भी शामिल हुए थे। दोनों की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक मुस्कुराती हुई सेल्फी भी सोशल मीडिया पर मौजूद है।
कौन हैं अपर्णा यादव?
अपर्णा यादव, मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू हैं। वह 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुई थीं। उन्होंने लखनऊ की सरोजिनी नगर सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला। अपर्णा यादव का जन्म 1 जनवरी 1990 को हुआ था। उनके पिता अरविंद सिंह बिष्ट एक मीडिया कंपनी से जुड़े रहे हैं और सपा सरकार के दौरान सूचना आयुक्त भी रह चुके हैं। उनकी मां अंबी बिष्ट एक अधिकारी हैं। अपर्णा की स्कूली पढ़ाई लखनऊ के लोरेटो कॉन्वेंट स्कूल से हुई है।

